लखनऊ 22 दिसंबर (आरएनएस )। उत्तर प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने विधान परिषद में सदस्यों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का उत्तर देते हुए सरकार की नीतियों, निर्णयों और कार्यों को विस्तार से सदन के समक्ष रखा। इस दौरान विभिन्न सदस्यगणों ने अपने-अपने क्षेत्रों में कराए गए विकास कार्यों के लिए नगर विकास विभाग और मंत्री ए.के. शर्मा के प्रति आभार भी व्यक्त किया।नगरीय निकाय निदेशालय से जुड़े मृतक आश्रित कोटे के एक प्रश्न का उत्तर देते हुए मंत्री ए.के. शर्मा ने सदन को अवगत कराया कि कार्मिक विभाग से प्राप्त परामर्श के उपरांत अधिशासी अधिकारी, नगर पंचायत चौरी चौरा, जनपद गोरखपुर द्वारा 22 जुलाई 2025 को जारी आदेश के माध्यम से स्वर्गीय कुमारी अंबिका सिंह की बड़ी अविवाहित बहन कुमारी स्नेहा सिंह को मृतक आश्रित के रूप में टैक्स कलेक्टर पद पर नियुक्ति प्रदान की गई है। उन्होंने बताया कि कुमारी स्नेहा सिंह ने 15 दिसंबर 2025 की अपराह्न में नगर पंचायत चौरी चौरा, जनपद गोरखपुर में उक्त पद का विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया है।ऊर्जा विभाग से संबंधित प्रश्नों का उत्तर देते हुए मंत्री ए.के. शर्मा ने शिक्षण एवं अन्य सामाजिक संस्थाओं के प्रति सरकार की नीति को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि सरकार इन संस्थानों के प्रति संवेदनशील और उदार दृष्टिकोण रखती है तथा यह सुनिश्चित किया जाएगा कि शैक्षणिक संस्थानों की विद्युत दरें वाणिज्यिक श्रेणी या उससे अधिक न हों। इस विषय में उत्तर प्रदेश विद्युत नियामक आयोग को लिखित अनुरोध भेजा जाएगा, ताकि आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वित्तीय वर्ष 2020–21 से लेकर वित्तीय वर्ष 2025–26 तक बीते छह वर्षों में किसी भी श्रेणी की विद्युत दरों में वृद्धि नहीं की गई है, जो उपभोक्ताओं को राहत देने की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।जनपद मैनपुरी की नगर पालिका परिषद क्षेत्र में सड़क निर्माण से जुड़े प्रश्न पर नगर विकास मंत्री ने सदन को बताया कि सीमा विस्तार के बाद विभिन्न मोहल्लों और क्षेत्रों में 23 करोड़ 19 लाख रुपये की लागत से कुल 196 सड़कों और गलियों का निर्माण कराया गया है। इस जानकारी पर भी संबंधित सदस्यों ने नगर विकास मंत्री का आभार व्यक्त किया।अपने वक्तव्य के अंत में नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार पारदर्शी, संवेदनशील और जनहितकारी प्रशासन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा नगरीय विकास और ऊर्जा क्षेत्र में जनसुविधाओं को मजबूत करने का कार्य निरंतर जारी रहेगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

