लखनऊ 22 दिसंबर (आरएनएस )। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा है कि प्रदेश में नफरत, महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार बेतहाशा बढ़ रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि भाजपा राज में गरीब विरोधी नीतियों के कारण मनरेगा कार्ड डिलीट किए जा रहे हैं। इसके साथ ही केंद्र ने राज्यों पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ डाल दिया है, जिससे आम जनता की परेशानी और बढ़ गई है।अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में हर विभाग और हर कार्य में भ्रष्टाचार चरम पर है। सरकारी खाद कालाबाजारी में बिक रही है और जनता बेसहारा महसूस कर रही है। उन्होंने बताया कि कई जगह सहकारी समितियों के गोदामों में यूरिया की कमी की नोटिसें लगी हैं, वहीं किसानों और खरीद कर्मचारियों के बीच नोक-झोंक की भी खबरें सामने आई हैं।पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा विकसित भारत का सपना दिखा रही है, लेकिन वास्तविकता में गरीब और अमीर के बीच की खाई लगातार बढ़ रही है। प्रतिव्यक्ति आय सरकारी आंकड़ों में बढ़ रही है, जबकि भूख, बीमारी और कुपोषण के शिकार लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है। स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो चुकी है, अस्पतालों में न दवाइयां हैं और न डॉक्टर। ठंड में गरीब तीमारदार ठिठर रहे हैं और अलाव तक नहीं जल रहे।अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि डबल इंजन की सरकार के दोनों इंजन आपस में टकरा रहे हैं और संवैधानिक पदों पर बैठे लोग मर्यादा और लोक-लाज का ध्यान नहीं रख रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि भाजपा अपनी आंतरिक खींचातानी को जनता के सामने नहीं लाए, अन्यथा इसका परिणाम भुगतना पड़ेगा।अखिलेश यादव का स्पष्ट संदेश है कि जनता की पीड़ा को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता और समाजवादी पार्टी लगातार प्रदेशवासियों के हक और अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

