प्रदेश के 26 जिलों से आई आपदा एवं भीड़ प्रबंधन की टीमों ने साझा किए अपने अनुभव
प्रयागराज 22 दिसंबर (आरएनएस)। प्रयागराज में संगम किनारे लगने जा रहे माघ मेले में इस बार आस्था का सैलाब उमड़ेगा। माघ मेला में पहुंचने वाले 12 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं की सुरक्षा और प्रबंधन प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती है। इससे निपटने के लिए आपदा प्रबंधन और उससे जुड़ी सभी सुरक्षा एजेंसियों ने सोमवार को प्रयागराज में विचार मंथन शुरू किया है। इस विमर्श प्रदेश के 26 जिलों की भीड़ प्रबंधन की टीमें हिस्सा ले रही हैं।
संगम तट पर 3 जनवरी से लगने जा रहे आस्था के महा समागम माघ मेले में इस बार अब तक आयोजित सभी माघ मेलों से अधिक श्रद्धालुओं के त्रिवेणी के तट पहुंचने का अनुमान है। श्रद्धालुओं की इस संख्या को देखते हुए आयोजन को सकुशल संपन्न कराने और हर तरह की आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए मेला प्रशासन ने यूपी आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और सहयोगी एजेंसियां के साथ मिलकर दो दिवसीय सिंपोजियम एवं टेबलटॉप एक्सरसाइज कार्यक्रम का आयोजन किया । प्रयागराज के न्यू कैंट, सदर स्थित कोबरा ऑडोटोरियम में इस आयोजन के पहले दिन आपदा एवं भीड़ प्रबंधन की चुनौतियों से निपटने के अनुभवी अधिकारियों के साथ संवाद स्थापित किया गया। आयोजन में यूपी आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल (सेवा निवृत) योगेंद्र डिमरी ने कार्यक्रम की रूपरेखा सामने रखी । मेला को सुगम एवं सुरक्षित बनाने के लिए आपदा प्रबंधन के सभी पहलुओं पर ध्यान देने की आवश्यकता है, जिसमें कि सभी विभागों के मध्य आपसी समन्वय एवं पूर्वाभ्यास सर्वाधिक आवश्यक है। कार्यक्रम के आयोजन के पहले दिन आग लगने की घटनाओं, पानी में डूबने की घटनाओं और शीत लहरी से बचाव के विभिन्न पहलुओं पर विचार किया गया।
बाक्स
प्रदेश में आयोजित सभी बड़े मेलों के लिए भी कार्यक्रम से मिलेगा विजऩ
प्रयागराज। आयोजन का पहला दिन आपसी अनुभवों के साझा करने पर केंद्रित रहा। यूपी आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल योगेन्द्र डिमरी का कहना है कि इस आयोजन का लाभ केवल माघ मेला 2026 को ही नहीं बल्कि राज्य में भविष्य में आयोजित होने वाले सभी बड़े मेलों को मिलेगा।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय/राज्य आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण के उच्चाधिकारियों के अतिरिक्त प्रदेश के कुल 26 जनपदों के 03-03 अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। प्रयागराज महाकुंभ को सकुशल संपन्न कराने की जिम्मेदारी उठा चुके डीआईजी वैभव कृष्ण भी ऑनलाइन माध्यम से इसमें जुड़े। कार्यक्रम में मंडलायुक्त प्रयागराज सौम्या अग्रवाल, डीएम प्रयागराज मनीष कुमार वर्मा और माघ मेला पुलिस प्रभारी नीरज पांडेय सहित सेना के कई अफसरों ने भी हिस्सा लिया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

