बता दें कि डीजीजीआई की टीम ने बीते 19 दिसंबर 2025 को रायपुर के मैग्नेटो मॉल में स्थित मेसर्स प्रेम एंटरप्राइजेज में तलाशी कार्रवाई की। इस दौरान अधिकारियों को बड़ी संख्या में फर्जी कंपनियों और लेन-देन से जुड़ी जानकारी और दस्तावेज मिले है।
तलाशी के दौरान आरोपियों के परिसर से करीब 20 सिम कार्ड बरामद किए गए, जिनका उपयोग फर्जी जीएसटी पंजीकरण कराने में किया गया था। जांच में यह भी सामने आया कि इन फर्जी फर्मों से जुड़े ई-मेल आईडी विक्रम मंधानी द्वारा संचालित किए जा रहे थे।
डीजीजीआई अधिकारियों को विक्रम मंधानी के पास से 50 से अधिक फर्जी फर्मों के जीएसटी लॉगिन-आईडी और पासवर्ड मिले हैं। इन फर्मों के नाम पर बिना किसी वास्तविक व्यापारिक गतिविधि के केवल कागजी इनवॉइस जारी किए जा रहे थे।
प्रारंभिक डेटा विश्लेषण में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि इन फर्जी फर्मों के जरिए लगभग 48 करोड़ रुपये मूल्य के इनवॉइस जारी किए गए, जिनमें करीब 9 करोड़ रुपये का जीएसटी शामिल है। अधिकारियों के अनुसार, यह आंकड़ा प्रारंभिक है और जांच आगे बढ़ने के साथ घोटाले की राशि और बढ़ने की पूरी संभावना है।
डीजीजीआई रायपुर ने दोनों आरोपियों को 20 दिसंबर 2025 को गिरफ्तार किया। इसके बाद उन्हें 21 दिसंबर 2025 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने अमन कुमार अग्रवाल और विक्रम मंधानी को 2 जनवरी 2026 तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जीएसटी प्रणाली के दुरुपयोग पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

