कपूरथला 24 Dec, (Rns): कपूरथला के ऐतिहासिक जगतजीत पैलेस का मुआयना उत्तराखंड के राज्यपाल जनरल गुरमीत सिंह PVSM,UYSM,AVSM, VSM (रि) ने किया । इस ऐतिहासिक पैलेस की जर्जर हालत को देखकर वे काफी दु:खी और भावुक हो गए। जानकारी हो कि जगतजीत पैलेस तकरीबन 120 वर्ष पुराना हो चुका है जिसका रखरखाव माकूल हालात में नहीं है। अपने मुआयना के क्रम में जनरल सिंह ने पैलेस के विभिन्न हिस्सों का दौरा किया और जर्जर- दयनीय स्थिति पर चिंता व्यक्त की।
इस मुआयना के वक्त जनरल सिंह के साथ वेस्टर्न कमांड के जनरल आफिसर कमांडिंग इन चीफ लेफ्टिनेंट जनरल एम के कटियार PVSM, UYSM, AVSM, 11 कॉर्प्स के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल अजय चांदपुरिया AVSM,VSM, 11 काॅर्प्स मुख्यालय के चीफ ऑफ स्टाफ मेजर जनरल अतुल भदौरिया VSM, 58 मुख्यालय आर्म्ड ब्रिगेड के कमांडर ब्रिगेडियर पी पी एस मान SM,VSM, प्राचार्या ग्रुप कैप्टन मधु सेंगर, उप प्राचार्य कमांडर संदीप सिंह विर्क, प्रशासनिक पदाधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल उमेश मोले सहित कपूरथला जिला प्रशासन के पदाधिकारीगण मौजूद थे।
इस दौरान पूरी टीम जनरल सिंह के साथ सैनिक स्कूल के छात्रावासों एवं कैडेट्स भोजनालय भवन का भी मुआयना किया। इस दौरान स्कूल के विद्यार्थियों के रहने वाले छात्रावासों की दयनीय अवस्था को देखकर सबों ने चिंता जताई। विदित हो कि महामहिम राज्यपाल महोदय कल सैनिक स्कूल के वार्षिक समारोह में बतौर मुख्य अतिथि आए हुए थे। यह भी जानकारी हो कि जनरल गुरमीत सिंह PVSM, UYSM, AVSM,VSM (रि) सैनिक स्कूल कपूरथला के पूर्व विद्यार्थी रहे हैं। महाराजा जगतजीत सिंह पैलेस में सैनिक स्कूल का संचालन होता है। बाद में मीडिया को संबोधित करते हुए राज्यपाल जनरल सिंह ने कहा कि सैनिक स्कूल अवस्थित भवनों की नाजुक, दयनीय और जर्जर हालातो के संबंध में मैं पंजाब के मुख्यमंत्री, राज्यपाल महोदय और केंद्र सरकार के रक्षामंत्री से मुलाकात करूंगा और जगतजीत पैलेस व छात्रावासों की स्थितियों से उन्हें अवगत कराऊंगा।
जानकारी हो कि तकरीबन दो माह पूर्व यानि बरसात के बाद जिला प्रशासन की ओर से डीसी, एडीएम, एसडीएम सहित अनेक पदाधिकारी- गणों की टीम ने स्कूल का दौरा किया था और क्षतिग्रस्त पैलेस तथा छात्रावासों का मुआयना किया। इस क्रम में छात्रावासों तथा पैलेस के विभिन्न भागों को बारिश के समय में लीक हो रहे पानी की जगह हुई जर्जर अवस्था को भी टीम ने देखा। पैलेस और छात्रावासों की दुर्गति, दयनीय हालत तथा जीर्ण-शीर्ण अवस्था पर टीम ने गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा था कि जिला प्रशासन केन्द्र सरकार और राज्य सरकार को शीघ्र ही इस गंभीर समस्या से अवगत कराएगा।

