0-मौसम विभाग ने दिया अलर्ट
नईदिल्ली ,24 दिसंबर (आरएनएस)। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के चलते एक सप्ताह तक उत्तर भारत के मैदानी क्षेत्रों समेत देश के कई हिस्सों में ठंड और घने कोहरे का असर तेज होता जाएगा। इस दौरान न्यूनतम तापमान में 3-5 डिग्री तक की गिरावट हो सकती है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने बुधवार को दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में घने कोहरे और शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। इसके चलते यातायात प्रभावित होने की संभावना जताई गई है।
आईएमडी के अनुसार, उत्तर भारत में इस समय एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है और दूसरा 27 दिसंबर तक आने की संभावना है। दोनों के कारण जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी का दौर जारी रहेगा, जिसका सीधा असर मैदानी क्षेत्रों में ठंडी हवाओं के रूप में दिखेगा। कश्मीर के कई इलाकों में मंगलवार को ताजा बर्फबारी और बारिश हुई। इस कारण घाटी के ज्यादातर हिस्सों में न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से नीचे चला गया है।
पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड के कई इलाकों में कोल्ड डे की स्थिति बनी हुई है। बिहार में 28 दिसंबर तक शीतलहर चल सकती है। उत्तरी सर्द हवाओं के कारण मध्य प्रदेश में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। बुधवार रात न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट आने से ठिठुरन और बढऩे का अनुमान है। राजस्थान के उत्तर-पश्चिम जिलों में मंगलवार को दिन का पारा 5-7 डिग्री तक गिर गया। बुधवार कोहरे का अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली के अधिकांश इलाकों में सुबह प्रदूषण और ठंड के कारण कोहरे की सफेद चादर नजर आई, जिससे दृश्यता 50 से100-मीटर रह गई है। धूप निकलने के साथ कोहरा छटेगा, लेकिन गलन से राहत मिलने की उम्मीद कम है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 7-9 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। मंगलवार को कोहरे के कारण हवाई अड्डे पर 10 उड़ाने रद्द करनी पड़ीं। प्रदूषण की बात करें तो आज सुबह औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 355 दर्ज किया गया।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

