मुंबई ,24 दिसंबर (आरएनएस)। कॉमेडियन कपिल शर्मा पिछले काफी वक्त से नए-नए विवादों में घिरे हुए हैं। पहले उनके कनाडा स्थित रेस्तरां कैप्स कैफे पर गोलीबारी की घटनाएं हुईं जिसने प्रशंसकों को भी दुखी कर दिया। अब कॉमेडियन कॉपीराइट विवाद में फंसते नजर आ रहे हैं। यह मामला उनके नेटफ्लिक्स वाले द ग्रेट इंडियन कपिल शो से जुड़ा है जिसके चलते मुकदमा दायर किया गया। मुकदमा फोनोग्राफिक परफॉर्मेंस लिमिटेड (पीपीएल) इंडिया ने दायर किया है। इसपर बॉम्बे हाईकोर्ट ने कपिल से जवाब मांगा है।
रिपोर्ट के मुताबिक, 24 दिसंबर को पीपीएल की याचिका पर सुनवाई करते हुए बॉम्बे हाईकोर्ट ने अपना फैसला दिया। न्यायमूर्ति शर्मिला देशमुख की पीठ ने, कपिल को जवाब दाखिल करने के लिए 2 हफ्ते का समय दिया है। दरअसल, पीपीएल भारत की सबसे पुरानी कॉपीराइट लाइसेंसिंग संस्था है। अपनी याचिका में, पीपीएल ने दावा किया कि कपिल ने अपने शो में बिना लाइसेंस हासिल किए कॉपीराइट वाले संगीत रिकॉर्डिंग का इस्तेमाल किया है।
पीपीएल ने आरोप लगाया है कि 21 जून से 20 सितंबर के बीच, द ग्रेट इंडियन कपिल शो के तीसरे सीजन में 3 गानों को बिना अधिकार प्राप्त किए शामिल किया गया था। यह तीनों गानें, मुन्नाभाई एमबीबीएस का एम बोले तो, कांटे का रामा रे और देसी बॉयज का सुबह होने ना दे थे। याचिका में आगे कहा गया है कि पीपीएल की ध्वनि रिकॉर्डिंग का इस्तेमाल या दुरुपयोग, शो के चौथे सीजन में किए जाने की संभावना है।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

