सामाजिक सरोकार:
ठिठुरती रातों में सहारा बनीं महिला थाना एसएचओ
असहायों और बच्चों को वितरित किए ऊनी वस्त्र
बस्ती 24 दिसंबर (आरएनएस)। बढ़ती ठंड और शीतलहर के प्रकोप को देखते हुए जहां आम जनजीवन घरों में दुबक कर बैठा है, वहीं खाकी का एक मानवीय चेहरा सड़कों पर जरूरतमंदों की मदद करता नजर आया। महिला थाना प्रभारी डा. शालिनी सिंह ने अपनी टीम के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों में घूमकर फुटपाथ पर रात गुजारने वाले बेसहारा लोगों, बुजुर्गों और बच्चों को कंबल व ऊनी वस्त्र वितरित किए। महिला थाना प्रभारी ने अपने व्यक्तिगत सहयोग और पुलिस टीम की मदद से इस राहत अभियान की शुरुआत की। बुधवार की देर रात तक चले इस अभियान के दौरान बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन के बाहर और रैन बसेरों के पास सो रहे जरूरतमंदों को ढका गया। कड़ाके की ठंड में जब इन बेसहारा लोगों को गर्म कंबल मिले, तो उनके चेहरे पर सुकून और आंखों में दुआएं नजर आईं। महिला थाना प्रभारी ने इस दौरान लोगों से बातचीत भी की और उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया। कहा कि पुलिस का काम केवल अपराधियों को पकडऩा ही नहीं, बल्कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की सेवा करना भी है। इस कड़कड़ाती ठंड में किसी जरूरतमंद की मदद करना सबसे बड़ी इबादत है।

