नई दिल्ली 25 Dec, (Rns)- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान की भावना के अनुरूप, नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने आज NDMC के 15-दिवसीय विशेष स्वच्छता अभियान की शुरुआत क्रिसमस की पूर्व संध्या पर सेक्रेड हार्ट कैथेड्रल, गोल डाकखाना राउंडअबाउट, नई दिल्ली में शाम एवं रात्रि समय विशेष वेट एवं ड्राई क्लीनिंग अभियान के साथ की ।
चहल ने बताया कि यह विशेष सघन स्वच्छता अभियान आज अन्य सभी चर्चों एवं प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भी चलाया गया । उन्होने जानकारी दी की आज से 7 जनवरी तक यह अभियान 15 दिन तक चलाया जाएगा । उन्होंने कहा कि NDMC क्षेत्र राष्ट्रीय दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण क्षेत्र है जहां वीवीआईपी के कार्यालय, निवास स्थान, पार्लियामेंट, विदेशी दूतावास, केंद्र के प्रमुख कार्यालय आदि शामिल है । क्रिसमस और नववर्ष के अवसर पर यहाँ बड़ी संख्या में पर्यटक यहाँ घुमने के लिए आते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए NDMC ने 15 दिनों की विस्तृत स्वच्छता कार्य योजना तैयार की है, जिसमें चर्च, मंदिर, गुरुद्वारे, बाजार, पार्को एवं अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थल शामिल हैं।
चहल ने जानकारी दी कि नियमित सुबह और शाम की सफाई के अलावा रात्रि समय में भी विशेष वेट एवं ड्राई क्लीनिंग की जाएगी, ताकि नागरिकों और आगंतुकों को सुबह के समय स्वच्छ, हरित और धूल-मुक्त वातावरण मिल सके। यह पहल धूल और वायु प्रदूषण को कम करने में भी सहायक होगी। स्वच्छता के साथ-साथ NDMC द्वारा पेड़ों की धुलाई, शाखाओं की छंटाई, सूखी पत्तियों की सफाई तथा सड़कों, फुटपाथों, ग्रीन बेल्ट और सार्वजनिक स्थलों से मलबा हटाने का कार्य भी योजनाबद्ध तरीके से किया जाएगा, जिससे NDMC क्षेत्र की स्वच्छता, हरियाली और सौंदर्य और बेहतर हो सके। अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए स्वच्छता कर्मियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। चहल ने कहा कि NDMC त्योहारी मौसम में इस प्रकार का व्यापक और रात्रिकालीन स्वच्छता अभियान चलाने वाली अग्रणी नगर निकायों में से एक है। उन्होंने टीम NDMC की सराहना करते हुए कहा कि सभी कर्मचारी दिन-रात मेहनत कर माननीय प्रधानमंत्री जी के स्वच्छ भारत के संकल्प को साकार करने में जुटे हैं।

