भोपाल 25 दिसंबर (आरएनएस)।प्रदेशभर में क्रिसमस को लेकर उत्साह चरम पर है। चर्च (गिरजाघर) आकर्षक रोशनी से सजाए गए हैं और बुधवार रात 12 बजे प्रभु ईसा मसीह के जन्मोत्सव के साथ ही विशेष आयोजन हुए। देर रात विशेष प्रार्थना सभाएं आयोजित की गईं। केक काटा जाने लगा और लोग एक-दूसरे को गले लगाकर क्रिसमस की शुभकामनाएं देने लगे। कैरोल गीतों की गूंज सुनाई दी। राजधानी भोपाल के सभी चर्च में प्रभु यीशु के जन्म को दर्शाने वाली सुंदर चरनियां बनाई गई हैं। प्रतीकात्मक रूप से चर्च के साथ-साथ कई घरों में भी चरनी सजाई गई हैं। इसी तरह इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर में भी क्रिसमस की तैयारियां छाई रहीं। प्रदेश के अलग-अलग शहरों में क्रिसमस उत्साह के साथ मनाया जा रहा है।
शहर में जगह-जगह आर्टिफिशियल और नेचुरल तरीके से क्रिसमस ट्री सजाए गए हैं। चर्च के अलावा कई घर भी रोशनी से जगमगाते नजर आ रहे हैं। देर रात और सुबह सांता क्लॉज बच्चों को गिफ्ट बांटेंगे। लाल टोपी लगाए बच्चे और युवा खुशियां मनाते दिखेंगे, वहीं कई स्थानों पर सामूहिक कैरोल गायन भी होगा।

