बड़वानी 3 अप्रैल (आरएनएस)।भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने बड़वानी जिले के खेतिया, पानसेमल और सेंधवा मंडल में आयोजित मंडल प्रशिक्षण वर्ग को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी का लक्ष्य सिर्फ सत्ता प्राप्त करना नहीं, समाज के हर वर्ग का समग्र विकास और कल्याण करना है। भारतीय जनता पार्टी के हर कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता की जय के उद्घोष से होती है। यह सिर्फ एक नारा नहीं, बल्कि भारत की एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का जीवंत प्रतीक है। भारत हमारी भूमि है, माता हमारी संस्कृति है, और जय वह शक्ति है, जो जनता जनार्दन में निहित है। जब हम भारत माता की जय बोलते हैं, तो यह उद्घोष न केवल हमारे दिलों में देशभक्ति का दीप जलाता है, बल्कि हमें अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों से भी जोड़ता है। भाजपा के सिवा कोई अन्य पार्टी नहीं है, जो इस उद्घोष के साथ अपने हर कार्यक्रम का आयोजन करती है। यह उद्घोष हमारे राष्ट्र के प्रति अडिग संकल्प का प्रतीक है।
भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कहा कि बूथ सबसे मजबूत यही हमारा मंत्र है और इसे साकार करने की जिम्मेदारी हम सभी की है। भाजपा की शक्ति उसकी प्राथमिक इकाई, बूथ में निहित है। भाजपा की सरकारें गरीबों और आवश्यकतानुसार वर्गों को ध्यान में रखते हुए योजनाएं बनाती हैं, ताकि समाज का कोई भी वर्ग और कोई भी परिवार पीछे न रहे। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता बूथ स्तर पर जाकर योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क करे और उन्हें भाजपा की विचारधारा से जोडऩे का कर्तव्य निभाए। यही रास्ता हमें राष्ट्र की सेवा में और अधिक समर्पण से काम करने की प्रेरणा देता है। प्रशिक्षण वर्ग हर कार्यकर्ता के कौशल को निखारने का एक सशक्त माध्यम है। भाजपा कार्यकर्ता पार्टी के सिद्धांतों को समझते हुए अपने कार्यों के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाते हैं। पार्टी को पूरी तरह से संगठनात्मक शक्ति, प्रशिक्षण और निरंतर कार्यकर्ता के विकास के कारण ही आज दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनने का गौरव प्राप्त हुआ है।
भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री जामवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के संगठन द्वारा प्रत्येक कार्यकर्ता को सशक्त और सक्षम बनाने के लिए निरंतर प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है, जो न केवल कार्यकर्ताओं को नए ज्ञान और कौशल से सुसज्जित करते हैं, बल्कि उन्हें समाज में अपनी प्रभावी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करते हैं। भाजपा का संगठनात्मक ढांचा और इसकी सफलता केवल चुनावी जीत तक सीमित नहीं है। पार्टी की वास्तविक ताकत उसकी मजबूत विचारधारा, समर्पित कार्यकर्ताओं और सतत शिक्षा में निहित है। भाजपा राजनीति को केवल सत्ता प्राप्ति का साधन नहीं मानती, बल्कि इसे सेवा का एक सशक्त और दिव्य माध्यम मानते हुए अपने कार्य करती है। जामवाल ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत को 2047 तक परम वैभव तक पहुंचाने के महापरियोजना में सक्रिय भागीदार बनें। उन्होंने कहा कि इस उद्देश्य को प्राप्त करने के लिए हम सभी को अपने समर्पण, मेहनत और ईमानदारी से काम करना होगा। जब कार्यकर्ता चुनौतियों को ईमानदारी से स्वीकार कर पूरी निष्ठा के साथ अपने निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए प्रयास करते हैं, तो कोई भी कार्य उनके लिए कठिन नहीं रह जाता।

