भोपाल 25 दिसंबर (आरएनएस)। कोलार इलाके में लिव-इन पार्टनर के साथ रह रही मेडिकल नर्स ने एनेस्थीसिया का ओवरडोज लेकर आत्महत्या कर ली। हॉस्पिटल की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवती बीते 4 सालों से एक युवक के साथ में रहती थी। लेकिन ऐन वक्त पर युवक ने शादी करने से इंकार कर दिया था। जिससे युवती डिप्रेशन में चली गई और बुधवार शाम उसने एनेस्थीसिया का ओवरडोज ले लिया था।
कोलार थाना प्रभारी संजय सोनी ने बताया कि मृतका मेघा यादव (30) पिता मयाराम यादव, जेके हॉस्पिटल के पास किराए के कमरे में रहती थी। बुधवार रात रूपेश साहू नाम का युवक उसे अस्पताल लेकर आया और खुद को उसका मुंहबोला भाई बताकर भर्ती कराने के बाद चला गया।
अस्पताल की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम ने युवती के कमरे से कुछ मेडिकल सामग्री जब्त की है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।
सुसाइड से पहले मेघा ने अपने भांजे से फोन पर बातचीत की थी। उस समय वह सामान्य थी। बाद में रात को रूपेश ने मेघा के ही फोन से कॉल कर परिजन को उसे अस्पताल में भर्ती कराने की जानकारी दी। जब परिजन अस्पताल पहुंचे तो मेघा तो भर्ती मिली, जबकि रूपेश नहीं था। उसका मोबाइल भी स्विच्ड ऑफ बता रहा है।
मेघा के छोटे भाई राजा यादव ने बताया कि रूपेश साहू उसकी बहन का प्रेमी है। दोनों करीब चार साल से साथ रह रहे थे। परिवार को इस रिश्ते की जानकारी थी। वे शादी के लिए भी तैयार थे। करीब छह महीने पहले रूपेश ने शादी को लेकर परिवार से बात की थी।
परिजन का कहना है कि बीते चार महीनों से वह शादी से इनकार करना शुरू कर दिया था। पिछले एक महीने से बातचीत भी बहुत कम कर दी थी। इस कारण मेघा मानसिक रूप से परेशान थी। उसने इसकी जानकारी अपने भाई-बहन को दी थी।

