लखनऊ 26 दिसंबर (आरएनएस )। देश के पूर्व प्रधानमंत्री और महान अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह की पुण्यतिथि के अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसी क्रम में देश के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. शंकर दयाल शर्मा की पुण्यतिथि तथा महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी सरदार उधम सिंह की जयंती भी कांग्रेसजनों द्वारा भावपूर्ण ढंग से मनाई गई।कार्यक्रम के दौरान डॉ. मनमोहन सिंह, डॉ. शंकर दयाल शर्मा और सरदार उधम सिंह के चित्रों पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय एवं अन्य वरिष्ठ नेताओं ने माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके योगदान को स्मरण किया।इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह ने अपने सरल, ईमानदार और विद्वान व्यक्तित्व के बल पर देश को आर्थिक मजबूती प्रदान की। आर्थिक उदारीकरण, सुधारों और सामाजिक समावेशन के क्षेत्र में उनका योगदान भारतीय इतिहास में सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री रहते हुए डॉ. मनमोहन सिंह ने लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक मर्यादाओं और सामाजिक न्याय को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।अजय राय ने कहा कि आज के दौर में देश को डॉ. मनमोहन सिंह जैसे दूरदर्शी, ईमानदार और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने वाले नेतृत्व की अत्यंत आवश्यकता है। कांग्रेस पार्टी उनके विचारों, मूल्यों और सिद्धांतों के मार्ग पर चलते हुए जनहित के लिए संघर्ष करती रहेगी।श्रद्धांजलि कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेस नेता रमेश मिश्रा, अरशद खुर्शीद, संजय सिंह, पुष्पेंद्र सिंह, अब्दुल्ला शेर खान, आशुतोष मिश्रा, अमित त्यागी, नितिन शर्मा, सिद्धि श्री, बिजेंद्र सिंह, प्रमोद पाण्डेय, नारायण पति त्रिपाठी, आलेख पाण्डेय, सुशील तिवारी सोनू पंडित, विभा त्रिपाठी, डॉ. ऋचा शर्मा, डॉ. शहजाद आलम, अरशद आजमी, राकेश पाण्डेय, सुशीला शर्मा, रविंद्र पटेल, शैलेंद्र दीक्षित, ओम प्रकाश मिश्रा सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान सभी वक्ताओं ने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. शंकर दयाल शर्मा के संवैधानिक मूल्यों के प्रति समर्पण और सरदार उधम सिंह के अदम्य साहस व बलिदान को नमन करते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प भी दोहराया।

