ऽ वीर बाल दिवस के मौके पर दिल्ली में मिला प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार
ऽ इंटरमीडिएट में पढ़ने वाली पूजा पाल ने बनाया है धूल रहित थ्रेशर का मॉडल
बाराबंकी 26 Dec, (आरएनएस )। सिरौली गौसपुर ब्लॉक के गांव डलईपुरवा की रहने वाली पूजा पाल को विज्ञान के क्षेत्र में किए गए नवाचार के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। वीर बाल दिवस के मौके पर शुक्रवार को विज्ञान भवन नई दिल्ली में आयोजित विशेष समारोह में यह पुरस्कार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रदान किया गया। पुरस्कार हासिल करने वाली पूजा को एक लाख रुपये की राशि के अलावा एक मेडल और सर्टिफिकेट भी दिया गया। इस वर्ष पुरस्कार पाने वालों में देशभर से 20 बच्चे शामिल हैं, जिनमें बाराबंकी जिले की पूजा पाल को सम्मान मिलने पर जिले में खुशी की लहर है। बता दें कि सिरौलीगौसपुर ब्लॉक के डलईपुरवा की रहने वाली पूजा पाल के पिता पुत्तीलाल राजगीर मजदूर हैं। मां सुनीला प्राथमिक विद्यालय अगेहरा में रसोइया हैं। पांच भाई बहनों में पूजा दूसरे नंबर पर हैं। परिवार की आर्थिक हालत बेहद खस्ता है। हालांकि पूजा बचपन से ही अपने आसपास खेती बाड़ी देखा करती थी। इसी दौरान उसने कुछ अलग करने की ठानी। वर्ष 2020 में पूजा ने गेहूं की कटाई के दौरान थ्रेशर की धूल देख उससे निजात की तरकीब खोजने की जुगत में लग गई। वर्ष 2021 में पूजा ने कक्षा आठ में पढ़ाई के दौरान थ्रेशर का एक मॉडल तैयार किया। यह मॉडल भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा कक्षा 6 से 10 तक के विद्यार्थियों द्वारा किए जाने वाले नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए चलाई जा रही इंस्पायर्ड एवार्ड योजना में चयनित हो गया। मॉडल को पहले जिला स्तर पर फिर मंडल स्तर पर चुन लिया गया। वर्ष 2021-22 की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पूजा के थ्रेशर मॉडल की खूब तारीफ हुई और राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्थान मिला। 10 अक्टूबर 2023 में नई दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम में 60 मॉडलों का चयन किया गया। इन 60 मॉडल्स में पूजा का थ्रेशर मॉडल भी था।
बाक्स
जापान ने पूजा के अविष्कार को सराहा
इंस्पायर एवार्ड हासिल करने वालों को भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा उन स्टूडेंट्स को ‘सकूरा साइंस हाईस्कूल प्रोग्राम ऑफ जापान’ भ्रमण के लिए भेजा गया। बीते 14 जून से 21 जून 2025 तक जापान में रहकर पूजा पाल ने बहुत कुछ सीखा। जहां जापान के शोधकार्ताओं और विशेषज्ञयों ने पूजा पाल की मेहनत और अवष्कार को सराहा। पूजा द्वारा किए गए नवाचार ने उसे देश-प्रदेश की दूसरी बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बना दिया है। पूजा पाल को प्रधानमंत्री मोदी की डॉक्यूमेंट्री ‘कर्मयोग-एक अंतहीन यात्रा’ जो उनके 75वें जन्मदिवस पर लांच की गई थी, उसमें भी पूजा को शामिल किया गया था। पूजा पाल मिशन शक्ति फेज 5.0 का रोल मॉडल भी है।
बाक्स
पूजा ने प्रशासन को सराहा
गाइड शिक्षक राजीव श्रीवास्तव ने बताया कि जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और जिला प्रोबेशन अधिकारी सूरज के सहयोग से उन्हें पुलिस एस्कॉर्ट के साथ लखनऊ एयरपोर्ट तक पहुंचाया गया। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा मिले इस सम्मान से बच्चों और शिक्षकों का हौसला कई गुना बढ़ जाता है। पूजा ने जिला प्रशासन को धन्यवाद देते हुए कहा कि जिला प्रशासन ने मेरे प्रयास को ऊंचाईयो तक पहुंचाया। उन्होंन बताया कि नई दिल्ली पहुंचने पर महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के अधिकारियों ने उनका भव्य स्वागत किया और उन्हें होटल अशोका ले जाया गया। वहाँ मंत्रालय की ओर से स्वागत-सत्कार के साथ रात्रि भोज का आयोजन भी किया गया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

