कोलकाता 26 Dec, (rns) । बंगाल की जानी-मानी अभिनेत्री पार्नो मित्रा ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) का दामन थाम लिया। उनका यह कदम 2026 में होने वाले पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों से पहले राजनीतिक हलकों में अहम माना जा रहा है। पार्टी में शामिल होने के समय राज्य की वित्त मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य और तृणमूल नेता जयप्रकाश मजूमदार ने उन्हें पार्टी का दामन थमाया। पार्णो मित्रा ने इस मौके पर कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)से जुड़ना उनके जीवन की एक गलती थी, जिसे अब उन्होंने सुधार लिया है। खास बात यह है कि पार्नो मित्रा लगभग छह साल बाद एक बार फिर तृणमूल कांग्रेस में लौटी हैं। इससे पहले वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गई थीं। पार्नो मित्रा ने वर्ष 2019 में भाजपा ज्वाइन की थी। इसके बाद उन्होंने 2021 के विधानसभा चुनाव में बारानगर सीट से चुनाव भी लड़ा था। हालांकि, उस चुनाव में उन्हें तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। चुनावी हार के बाद से ही वह सक्रिय राजनीति से कुछ हद तक दूर नजर आ रही थीं। अब एक बार फिर उनका तृणमूल कांग्रेस में लौटना राज्य की राजनीति में नई चर्चा को जन्म दे रहा है।
पार्टी में शामिल होने के बाद पार्णो मित्रा ने कहा कि यह दिन उनके लिए क्रिसमस जैसा है और उनके जीवन की नई शुरुआत हो रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के मार्गदर्शन और आशीर्वाद से वह यह नई यात्रा शुरू कर रही हैं और अभिषेक बनर्जी के नेतृत्व में आगे बढ़ेंगी। भाजपा छोड़ने के फैसले पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि इंसान से गलती हो जाती है, लेकिन उस गलती को सुधारना जरूरी होता है और वह खुद को भाग्यशाली मानती हैं कि उन्हें यह मौका मिला। वहीं तृणमूल कांग्रेस की ओर से चंद्रिमा भट्टाचार्य ने कहा कि पार्णो मित्रा ने खुद पार्टी से संपर्क किया था। उन्होंने राज्य में ममता बनर्जी के नेतृत्व में हो रहे विकास को देखा और उसी यात्रा का हिस्सा बनने की इच्छा जताई। पार्टी ने उनका स्वागत किया है। इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा नेता और अभिनेता रुद्रनील घोष ने कहा कि पार्णो उनकी अभिनय जगत की सहयोगी हैं। उन्होंने विधानसभा चुनाव लड़ने के बाद राजनीति में खास सक्रियता नहीं दिखाई। उनके तृणमूल में जाने से न तो तृणमूल को कोई बड़ा फायदा होगा और न ही भाजपा को कोई नुकसान।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

