नई दिल्ली 27 Dec, (Rns): भारत की गिग इकोनॉमी में काम करने वाले डिलीवरी पार्टनर्स ने नए साल के जश्न से पहले अपनी मांगों को लेकर मोर्चा खोल दिया है। अमेज़न, जोमैटो, स्विगी और ब्लिंकिट जैसे प्लेटफॉर्म्स से जुड़े डिलीवरी पार्टनर्स ने 25 दिसंबर (क्रिसमस) को हुई सफल हड़ताल के बाद अब 31 दिसंबर 2025 को देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। यह आह्वान तेलंगाना गिग एंड प्लेटफॉर्म वर्कर्स यूनियन और IFAT की ओर से किया गया है।
हड़ताल के पीछे घटती कमाई, असुरक्षित और लंबे काम के घंटे, तथा प्लेटफॉर्म नीतियों में पारदर्शिता की कमी जैसे मुद्दे बताए जा रहे हैं। यूनियनों का कहना है कि लगातार बढ़ते दबाव के बावजूद श्रमिकों की आय और सुरक्षा को लेकर ठोस व्यवस्था नहीं है।
यदि यह हड़ताल बड़े पैमाने पर सफल होती है, तो नए साल की शाम मेट्रो और टियर-2 शहरों में फूड व ग्रॉसरी डिलीवरी सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो सकती हैं—कई इलाकों में डिलीवरी पूरी तरह ठप होने की भी आशंका जताई जा रही है।

