पाली ,27 दिसंबर (आरएनएस)। राजस्थान के पाली शहर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। यहां एक युवक ने अपने ही ससुराल पहुंचकर खूनी खेल खेला और अपनी पत्नी, सास और ससुर पर तलवार से जानलेवा हमला कर दिया। यह पूरी वारदात मोहल्ले में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में आरोपी खून से सनी तलवार लेकर गली में लोगों को डराते हुए नजर आ रहा है। घटना के बाद से ही इलाके में दहशत का माहौल है और घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
पत्नी की विदाई को लेकर था विवाद
यह पूरा मामला पाली शहर की एक कॉलोनी का है। पुलिस के मुताबिक, यहां रहने वाले 55 वर्षीय जगदीश जोशी ने करीब 8 साल पहले अपनी बेटी आशा की शादी मेड़ता सिटी निवासी अजय जोशी से की थी। अजय जोधपुर में इलेक्ट्रीशियन का काम करता है। शादी के कुछ साल बाद तक सब ठीक रहा, लेकिन बाद में पति-पत्नी के बीच मतभेद शुरू हो गए। पिछले चार महीने से दोनों के बीच तनाव काफी बढ़ गया था, जिसके चलते आशा अपने तीन बच्चों को लेकर पीहर (मायके) आ गई थी। अजय लगातार ससुराल पक्ष पर दबाव बना रहा था कि उसकी पत्नी को वापस भेजा जाए, लेकिन सास-ससुर और खुद आशा इसके लिए राजी नहीं थे। इसी बात से नाराज होकर अजय ने इस खौफनाक कदम को उठाया।
हेलमेट पहनकर आया और जैकेट से निकाली तलवार
घटना वाले दिन शाम के समय आशा और उसकी मां दुर्गा जोशी घर के बाहर मोहल्ले में थीं। तभी अजय अपनी बाइक से वहां पहुंचा। उसने पहचान छिपाने के लिए हेलमेट पहन रखा था और अपनी जैकेट के अंदर तलवार छिपा रखी थी। जैसे ही उसकी नजर अपनी पत्नी आशा पर पड़ी, उसने अचानक तलवार निकाल ली और उसके पीछे दौड़ पड़ा। जान बचाने के लिए आशा घबराकर घर के अंदर भागी।
बीच-बचाव करने आए माता-पिता को भी नहीं बख्शा
जब सास दुर्गा जोशी ने दामाद अजय को रोकने की कोशिश की, तो आरोपी ने उन पर तलवार से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उनके हाथ और पैर बुरी तरह जख्मी हो गए। मां की चीख सुनकर आशा उन्हें बचाने बाहर आई, तो अजय ने उस पर भी हमला कर दिया। शोरगुल सुनकर आशा के पिता जगदीश जोशी अपनी पत्नी और बेटी को बचाने दौड़े, लेकिन अजय के सिर पर खून सवार था। उसने ससुर के सिर पर तलवार से जोरदार वार कर दिया, जिससे वे मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े।
खून से सनी तलवार लेकर गली में घूमता रहा
घर में सो रही परिवार की बहू काजल शोर सुनकर बाहर आई, तो उसने देखा कि ननदोई सास-ससुर और ननद पर हमला कर रहा है। जब वह बीच-बचाव करने गई, तो आरोपी ने उसे भी धक्का देकर नीचे गिरा दिया। हमले के बाद आरोपी खून से सनी नंगी तलवार लेकर काफी देर तक मोहल्ले में घूमता रहा। जो भी पड़ोसी उसे रोकने की कोशिश करता, वह उसे तलवार दिखाकर डराकर भगा देता। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
ससुर वेंटिलेटर पर, जोधपुर रेफर
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को बांगड़ अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार, सिर में गंभीर चोट लगने के कारण जगदीश जोशी की हालत बेहद नाजुक है और उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है। वहीं, सास दुर्गा जोशी के हाथ-पैर में भी तलवार से गहरे घाव हैं। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जोधपुर रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपी अजय की तलाश शुरू कर दी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।
00
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

