2025 में 1523 नशेड़ी वाहन चालक पकड़े गए, 680 के लाइसेंस निलंबित

हर रात 11 से 2 बजे तक शहर की सड़कों पर विशेष चेकिंग अभियान जारी

रायपुर, 29 दिसंबर 2025 (आरएनएस)।
राजधानी रायपुर की सड़कों को सुरक्षित बनाने के लिए यातायात पुलिस ने नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए पूरे वर्ष 2025 में व्यापक अभियान चलाया। इस विशेष अभियान के तहत जनवरी से दिसंबर तक 1523 नशेड़ी वाहन चालकों को पकड़ा गया, जबकि 680 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए हैं।
यातायात पुलिस रायपुर द्वारा यह विशेष अभियान पिछले एक वर्ष से लगातार चलाया जा रहा है। प्रतिदिन रात्रि 11 बजे से 2 बजे तक शहर के प्रमुख मार्गों पर चेकिंग प्वाइंट लगाकर ब्रीथ एनालाइजर मशीन की सहायता से शराब के नशे में वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नशे की हालत में वाहन चलाना न केवल चालक की बल्कि अन्य राहगीरों और वाहन चालकों की जान के लिए भी गंभीर खतरा है। इसी को ध्यान में रखते हुए मोटरयान अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जाता है।
अभियान के दौरान पकड़े गए नशेड़ी वाहन चालकों के वाहन मौके पर ही जब्त कर यातायात मुख्यालय में सुरक्षित रखे जाते हैं। न्यायालय में अर्थदंड जमा करने और आदेश प्राप्त होने के बाद ही वाहन सुपुर्दनामे पर छोड़े जाते हैं। इसके साथ ही संबंधित चालकों के खिलाफ लाइसेंस निलंबन की पृथक कार्यवाही भी की जाती है।
माहवार कार्रवाई का ब्यौरा
- जनवरी – 120
- फरवरी – 196
- मार्च – 149
- अप्रैल – 111
- मई – 156
- जून – 136
- जुलाई – 57
- अगस्त – 261
- सितंबर – 155
- अक्टूबर – 40
- नवंबर – 89
- दिसंबर (28 दिसंबर तक) – 52
कुल – 1523 वाहन चालकों पर कार्रवाई यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आने वाले दिनों में भी यह विशेष अभियान और अधिक सख्ती के साथ जारी रहेगा, ताकि राजधानी की सड़कों पर दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

