मुंबई,29 दिसंबर (आरएनएस)। महाराष्ट्र नगर निगम के चुनाव में उपमुख्यमंत्री अजित पवार अपने चाचा शरद पवार के साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे। इसकी घोषणा उन्होंने रविवार को की। अजित ने पिंपरी-चिंचवाड़ में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पिंपरी-चिंचवाड़ नगर निगम के लिए एक बार फिर परिवार एकजुट हो गया है। उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों की सूची तय करते समय दोनों पार्टियां साथ मिलकर सलाह-मशविरा करेंगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनाव में घड़ी और तुतारी एकसाथ आ गए हैं।
अजित ने जनसभा में कहा, पिंपरी-चिंचवड निगम चुनाव के लिए उम्मीदवारों की सूची बनाते समय राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी शरदचंद्र पवार) ने साथ मिलकर चुनाव लडऩे का फैसला किया है। इस वजह से परिवार दोबारा से साथ आएगा। कई लोगों के मन में सवाल है कि आगे क्या होगा। कई बार महाराष्ट्र के विकास के लिए कुछ फैसले लेने पड़ते हैं। बता दें कि अभी शरद पवार की पार्टी ने कोई बयान नहीं दिया है।
महाराष्ट्र की 29 नगर निगम के लिए 15 जनवरी, 2026 को चुनाव होंगे और 16 जनवरी को परिणाम आएगा। पुणे नगर निगम के लिए भी चाचा-भतीजे की पार्टी के बीच गठबंधन की संभावना जताई जा रही है। मुंबई समेत अन्य नगर निगमों के लिए उद्धव ठाकरे की शिवसेना और राज ठाकरे की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना ने भी गठबंधन किया है। कांग्रेस ने अलग चुनाव लडऩे का फैसला किया है। महायुति में भाजपा और एकनाथ शिंदे की शिवसेना में गठबंधन है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

