शिमला 23 April, (Rns) : हिमाचल प्रदेश में गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। प्रदेश के मैदानी इलाकों में पारा तेजी से चढ़ रहा है, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित होने लगा है। बुधवार को ऊना जिला प्रदेश में सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 38.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान है।
लगातार बढ़ रही गर्मी के बीच एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ 24 अप्रैल से सक्रिय होने वाला है, जिससे प्रदेशवासियों को चिलचिलाती धूप से कुछ राहत मिल सकती है। मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार 24 अप्रैल को ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की बारिश या हिमपात हो सकता है। 25 अप्रैल के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के कई हिस्सों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों में अंधड़ और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने 25, 27 और 28 अप्रैल को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय सक्रिय रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। बुधवार को कुकुमसेरी में सबसे कम न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
प्रदेश में ऊना में 38.7, सुंदरनगर में 35.0, कांगड़ा में 35.2, मंडी में 34.4, भुंतर में 33.0, नाहन में 32.4, धर्मशाला में 31.0, सोलन में 31.5, शिमला में 26.5 और मनाली में 26.3 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है।

