कोलकाता 31 दिसंबर (आरएनएस)। आईपीएल 2026 के लिए पंजाब किंग्स टीम में अभिषेक यादव को जगह मिली हा। यह उपलब्धि न सिर्फ अभिषेक के लिए ही नहीं बिहार के लिए गर्व का विषय है। उल्लेखनीय है कि अभिषेक यादव बिहार के गोपालगंज जिले के निवासी हैं। कम उम्र में ही उन्होंने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन के बल पर आईपीएल जैसी प्रतिष्ठित लीग में पंजाब किंग्स की टीम में स्थान प्राप्त किया है। बतौर गेंदबाज, अभिषेक ने लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए यह मुकाम हासिल किया है। अभिषेक यादव की इस सफलता में उनके सेंसई – मोहम्मद इमरान का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। मोहम्मद इमरान थर्ड डैन ब्लैक बेल्ट, तीन बार अंतरराष्ट्रीय चैंपियन, पांच बार राष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता और आठ बार राज्य चैंपियन रह चुके हैं। वर्तमान में वे अपनी स्वयं की अकादमी का संचालन कर रहे हैं और युवाओं को प्रशिक्षण दे रहे हैं।
अभिषेक यादव के चयन की खुशी में मोहम्मद इमरान ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए केक काटकर जश्न मनाया तथा लाइव वीडियो कॉल के माध्यम से अभिषेक यादव को शुभकामनाएं भी दीं। मोहम्मद इमरान कोलकाता पुलिस सीपीडब्ल्यू विभाग के अंतर्गत प्रशिक्षक हैं, साथ ही राष्ट्रीय रेफरी एवं जज के रूप में भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी आगे बढ़ रहे हैं। इस अवसर पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस टॉप टर्फ एरीना के बैनर तले संपन्न हुई।


















