हजारीबाग ,31 दिसंबर (आरएनएस)। झारखंड के हजारीबाग स्थित लोकनायक जयप्रकाश नारायण केंद्रीय जेल (जेपी कारा) से उम्रकैद के सजायाफ्ता तीन कैदियों के फरार होने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस घटना ने झारखंड की सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली जेल की सुरक्षा व्यवस्था और जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फरार तीनों कैदी धनबाद जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को नियमित गिनती के दौरान कैदियों को बैरक से बाहर निकाला गया था। इसी बीच तीनों कैदी अचानक गायब हो गए। शुरुआत में जेलकर्मियों को आशंका थी कि कैदी परिसर में ही कहीं मौजूद होंगे, जिसके बाद जेल के भीतर उनकी तलाश की गई। लेकिन काफी देर तक खोजबीन के बावजूद जब उनका कोई सुराग नहीं मिला, तब जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। इसके बाद मामले की सूचना वरीय अधिकारियों और पुलिस को दी गई।
चौंकाने वाली बात यह है कि जेपी कारा को राज्य की सबसे सुरक्षित जेलों में गिना जाता है। यहां पांच स्तरों की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी और हर प्रवेश-निकास द्वार पर सशस्त्र सुरक्षाकर्मियों की तैनाती रहती है। ऐसे में इतनी कड़ी सुरक्षा के बीच तीन उम्रकैद के कैदियों का फरार होना न सिर्फ लापरवाही की ओर इशारा करता है, बल्कि सुरक्षा तंत्र में गंभीर चूक को भी उजागर करता है।
घटना के बाद जेल परिसर और आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन देर रात तक फरार कैदियों का कोई सुराग नहीं मिल सका। इस मामले में जेल अधीक्षक ने फिलहाल कुछ भी कहने से इनकार किया है।
गौरतलब है कि महज चार दिन पहले ही राज्य की डीजीपी तदाशा मिश्रा ने जेपी कारा का औचक निरीक्षण किया था। वह आला अधिकारियों के साथ पूरे दिन जेल परिसर में मौजूद रहीं और सुरक्षा व्यवस्था, कैदियों की स्थिति तथा प्रशासनिक तैयारियों का जायजा लिया था। औचक निरीक्षण के कुछ ही दिनों बाद हुई इस घटना ने प्रशासनिक दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल फरार कैदियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस और प्रशासन की विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं। संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। वहीं, जेल के भीतर हुई चूक को लेकर आंतरिक जांच की प्रक्रिया भी शुरू करने की तैयारी है। दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों और कर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
00
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

