लखनऊ ,01 जनवरी (आरएनएस)। नववर्ष के अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से आज बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं, नेताओं, पदाधिकारियों, विधायकों, पूर्व विधायकों, सांसदों, पूर्व सांसदों, पत्रकारों, समाजसेवी संगठनों के पदाधिकारियों तथा अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों ने प्रदेश मुख्यालय 19, विक्रमादित्य मार्ग, लखनऊ पहुंचकर मुलाकात की और नववर्ष की बधाई दी। अखिलेश यादव ने सभी का अभिवादन स्वीकार करते हुए उज्ज्वल भविष्य और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।इस अवसर पर अखिलेश यादव ने सभी को नववर्ष की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नए साल में यह संकल्प लेना होगा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर, डॉ. राम मनोहर लोहिया और नेताजी मुलायम सिंह यादव द्वारा दिखाए गए रास्ते पर चलकर देश और समाज को खुशहाली की दिशा में आगे ले जाना है। उन्होंने कहा कि नए वर्ष में सभी को नई ऊर्जा और नए संकल्प के साथ मिलकर काम करना है।पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि वर्ष 2027 में भाजपा की नकारात्मक सरकार को सत्ता से हटाना है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार में अन्याय, अत्याचार, महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर है और जनता त्रस्त है। उन्होंने दावा किया कि 2027 में भाजपा सरकार का जाना तय है।अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा कमजोर हो चुकी है और जब भाजपा कमजोर होती है तो वह और अधिक साम्प्रदायिक हो जाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है, साइबर क्राइम और फ्राड लगातार बढ़ रहा है तथा डायल 100 और 1090 जैसी सेवाओं को खराब कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था चौपट हो चुकी है और भाजपा सबसे बड़ी भूमाफिया पार्टी बन गई है, जिसके संरक्षण में जिलों-जिलों में गरीबों और सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे हो रहे हैं। उन्होंने अरावली पहाड़ों को लेकर भी सरकार की नीयत पर सवाल उठाए।उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में हर तरह का प्रदूषण बढ़ रहा है और गंगा, गोमती, यमुना सहित सभी नदियों को बर्बाद कर दिया गया है। नदियों की सफाई के लिए आया बजट लूट लिया गया। किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है, समय पर खाद और बीज उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं और खाद की कालाबाजारी हो रही है।अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार पीडीए को आरक्षण नहीं देना चाहती और नौकरियों की लूट मची हुई है। उन्होंने कहा कि इस सरकार ने पीडीए की हजारों नौकरियां छीनी हैं और पिछड़े, दलित व अल्पसंख्यक वर्ग के संवैधानिक अधिकारों को खत्म किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पीडीए एक वैकल्पिक सामाजिक ताकत है और जो पीडीए के खिलाफ है, वह संविधान, अधिकार और सम्मान के खिलाफ है।उन्होंने भाजपा को धोखेबाज पार्टी बताते हुए कहा कि यह हर वर्ग को धोखा देती है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी में सब मिलजुलकर रहते हैं और सबका सम्मान होता है। जनता को भाजपा सरकार ने परेशानी और संकट में डाल दिया है, इसलिए जनता के हित में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026, वर्ष 2027 की ओर ले जा रहा है और विधानसभा चुनाव में अब बहुत कम समय बचा है। सभी कार्यकर्ताओं और नेताओं को बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत करने में जुट जाना चाहिए और जनता के सुख-दुख के साथी बनना चाहिए।अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी का रास्ता संविधान का रास्ता है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर महिलाओं को प्रतिवर्ष 40 हजार रुपये दिए जाएंगे और पार्टी जो वादा करती है उसे निभाती है। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार में किसान, मजदूर और गरीब सभी का भला होगा, फसलों का लाभकारी मूल्य मिलेगा, स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था में सुधार होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में विकास कार्य ठप हैं और बिजली विभाग में बड़े पैमाने पर घपलेबाजी हो रही है। लोगों को बिजली कम मिलती है और बिल अधिक आता है, जबकि सरकार ने अपने कार्यकाल में एक भी नया बिजली कारखाना नहीं लगाया।नववर्ष के अवसर पर रायबरेली के शिवा विश्वकर्मा ने अखिलेश यादव को संगीत बजने वाला छोटा ट्रैक्टर भेंट किया, वहीं लक्ष्मण निषाद ने सिंघाड़ा भेंट किया। इस मौके पर समाजवादी पार्टी प्रदेश मुख्यालय में बाटी-चोखा सहभोज का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और नेताओं ने सहभागिता की। अखिलेश यादव ने सहभोज के आयोजकों को बधाई देते हुए कहा कि बाटी-चोखा और लिट्टी-चोखा में केवल क्षेत्रीय नाम का अंतर है, मूल भावना समानता की है।कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, नेता विरोधी दल माता प्रसाद पाण्डेय, सांसद आरके चौधरी, राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, पूर्व मंत्री बलराम यादव, अम्बिका चौधरी सहित अनेक वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इसके अलावा बड़ी संख्या में विधायक, पूर्व विधायक, पूर्व सांसद, पदाधिकारी और प्रमुख नेता भी उपस्थित रहे।
——————————-
00
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

