लखनऊ 2 जनवरी (आरएनएस )। थाना क्षेत्र के अंतर्गत हंसखेड़ा स्थित सिंधी कॉलोनी में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई। यह हादसा आज दिनांक 02 जनवरी, 2026 को लगभग 11 बजे सुबह उस समय हुआ, जब एक ई-रिक्शा चालक ने लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाते हुए स्कूटी को टक्कर मार दी।सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची, जहां जांच में पता चला कि दुर्घटना में स्कूटी सवार सचिन पुत्र सुरेंद्र शर्मा, उम्र लगभग 20 वर्ष, निवासी शाहाबाद, जनपद हरदोई गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए लोकबंधु अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की असामयिक मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है।पुलिस द्वारा दुर्घटनाग्रस्त ई-रिक्शा को कब्जे में ले लिया गया है तथा उसके चालक को भी हिरासत में लिया गया है। मामले में तहरीर प्राप्त होने पर संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक अग्रिम विधिक कार्रवाई किए जाने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।पुलिस का कहना है कि घटना की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और प्रथम दृष्टया दुर्घटना का कारण ई-रिक्शा चालक की लापरवाही सामने आई है। क्षेत्र में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए पुलिस द्वारा यातायात नियमों के पालन को लेकर सतर्कता बढ़ाने की बात कही गई है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

