लखनऊ 2 जनवरी (आरएनएस )। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महासचिव अविनाश पाण्डेय के निर्देश एवं उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय के अनुमोदन के उपरांत एसआईआर की डिलीटेड लिस्ट की मॉनिटरिंग के लिए प्रदेश के प्रत्येक जनपद में जिला और शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों के सहयोग से वरिष्ठ नेताओं की कमेटियों का गठन किया गया है। यह कमेटियां एसआईआर से जुड़ी गतिविधियों पर नजर रखेंगी और कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देते हुए कटे हुए नामों का भौतिक सत्यापन करेंगी, ताकि किसी भी वैध मतदाता का नाम न हटे और कोई फर्जी नाम सूची में न जोड़ा जा सके।इस संबंध में जारी बयान में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि संविधान ने देश के आम नागरिक को सबसे सशक्त हथियार के रूप में वोट का अधिकार दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि हाल के वर्षों में लोकतांत्रिक प्रक्रिया को कमजोर करने का प्रयास किया गया है। अजय राय ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने तथ्यात्मक आंकड़ों के साथ यह साबित किया है कि भाजपा और चुनाव आयोग के कथित नापाक गठजोड़ के चलते बिहार, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और हरियाणा जैसे राज्यों में वोट चोरी की घटनाएं सामने आई हैं।अजय राय ने कहा कि इसी पृष्ठभूमि में उत्तर प्रदेश में कांग्रेस पूरी तरह सतर्क है और किसी भी कीमत पर लोकतंत्र के मूल अधिकार से जनता को वंचित नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने प्रदेश के प्रत्येक कांग्रेस कार्यकर्ता से आह्वान किया कि वह आगामी एक माह तक निरंतर गरीबों, अनुसूचित जातियों, पिछड़ी जातियों और अल्पसंख्यक समुदायों के साथ खड़ा रहे और उनके वोट की रक्षा के लिए सक्रिय भूमिका निभाए।उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जानती है कि ये वर्ग उसका परंपरागत वोटर नहीं है और भाजपा की गरीब विरोधी नीतियों से यह तबका सबसे अधिक प्रभावित और त्रस्त है। इसी कारण मतदाता सूची से नाम काटने जैसी गतिविधियों के माध्यम से लोकतंत्र को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे कांग्रेस किसी भी सूरत में सफल नहीं होने देगी।कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि एसआईआर की डिलीटेड लिस्ट की निगरानी के लिए गठित कमेटियां जमीनी स्तर पर जाकर काम करेंगी और यह सुनिश्चित करेंगी कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुरक्षित रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह लड़ाई केवल कांग्रेस की नहीं, बल्कि संविधान, लोकतंत्र और आम जनता के अधिकारों की रक्षा की लड़ाई है, जिसे पूरी मजबूती के साथ लड़ा जाएगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

