सिद्धार्थनगर 2 जनवरी (आरएनएस )। लोकसभा क्षेत्र डुमरियागंज के सांसद जगदंबिका पाल के जन्मदिवस के अवसर पर तुलसियापुर में आयोजित जन्मदिवस अभिनंदन समारोह जनसेवा और सामाजिक सरोकार का प्रतीक बनकर सामने आया। कार्यक्रम में नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा ने सहभागिता की और इस अवसर पर लगभग चार हजार गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को कंबल वितरित किए गए। मंत्री ए. के. शर्मा ने स्वयं कई जरूरतमंद परिवारों को कंबल प्रदान कर सेवा और संवेदना का संदेश दिया।समारोह को संबोधित करते हुए नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा ने सांसद जगदंबिका पाल को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे ऐसे जननेता हैं जो पूरी तरह जनता के प्रति समर्पित हैं और जिनकी बात दिल्ली से लेकर लखनऊ तक गंभीरता से सुनी जाती है। उन्होंने कहा कि सांसद पाल की राजनीति का केंद्र सदैव क्षेत्र का विकास और आमजन का कल्याण रहा है। यही कारण है कि डुमरियागंज और सिद्धार्थनगर आज विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।मंत्री ए. के. शर्मा ने बताया कि नगर विकास विभाग द्वारा सिद्धार्थनगर जनपद में लगभग दो हजार करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य कराए गए हैं, जिनमें से आधे से अधिक कार्य सांसद जगदंबिका पाल की अनुशंसा पर स्वीकृत हुए और पूर्ण कराए गए। उन्होंने कहा कि विद्युतीकरण के क्षेत्र में भी सांसद के सतत प्रयासों से अनेक मजरों और गांवों तक बिजली पहुंची है, जिससे ग्रामीण जीवन में उल्लेखनीय सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिला है। मंत्री ने कहा कि नए वर्ष और जन्मदिवस जैसे अवसरों पर विदेश या पर्यटन स्थलों पर न जाकर जनता के बीच रहकर उत्सव मनाना उनके जनसेवक होने का प्रमाण है।इस अवसर पर सांसद जगदंबिका पाल ने अपने संबोधन में कहा कि भारत आज तेजी से उभरती हुई वैश्विक महाशक्ति बन रहा है। उन्होंने कहा कि जब नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री के रूप में देश की बागडोर संभाली थी, उस समय भारत विश्व की ग्यारहवीं अर्थव्यवस्था था, जबकि आज भारत विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी और सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि उन्होंने राजनीति को कभी सत्ता प्राप्ति का साधन नहीं माना, बल्कि इसे जिम्मेदारी, सेवा और कर्तव्य के रूप में स्वीकार किया है।सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि जनता का विश्वास और सहयोग ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है और इसी विश्वास के बल पर वे निरंतर क्षेत्र के विकास और गरीब, कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए कार्य करते रहेंगे। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसेवा ही उनका संकल्प और उद्देश्य है।कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष साधना चौहान, चेयरमैन गोविंद माधव, जिलाध्यक्ष कन्हैया पासवान सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे। कंबल वितरण कार्यक्रम को क्षेत्र में सर्द मौसम के बीच जरूरतमंदों के लिए बड़ी राहत के रूप में देखा गया और इसे सामाजिकसंवेदनशीलता का सशक्त उदाहरण माना गया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

