बीजापुर, 15 मई (आरएनएस)। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) गर्भवती एवं धात्री माताओं के लिए एक महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है। इसका उद्देश्य गर्भावस्था के दौरान महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान कर उन्हें पौष्टिक आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच तथा सुरक्षित प्रसव हेतु प्रोत्साहित करना है।
जिला बीजापुर के परियोजना बीजापुर, सेक्टर नैमेड अंतर्गत स्थित चांदनी चौक आंगनबाड़ी केंद्र की हितग्राही निशा पटेल, पति अर्जुन पटेल एवं सास तीजबाई पटेल, इस योजना से लाभान्वित होकर सुरक्षित मातृत्व की प्रेरणादायक मिसाल बनी हैं।
गर्भावस्था की जानकारी प्राप्त होते ही उनका पंजीयन आंगनबाड़ी केंद्र में किया गया। सेक्टर पर्यवेक्षक गीता कन्नौजे, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सरोज नेताम तथा सहायिका सम्मी ध्रुव द्वारा उन्हें नियमित रूप से पोषण, प्रसवपूर्व जांच, आयरन-फोलिक एसिड सेवन, संस्थागत प्रसव तथा शिशु देखभाल संबंधी जानकारी दी गई।
मार्गदर्शन के दौरान निशा पटेल को आहार में विविधता अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। उन्हें रेडी टू ईट (Take Home Ration) से बनने वाले पौष्टिक व्यंजन जैसे लड्डू, खीर, हलवा, चीला, पंजीरी और दलिया को दैनिक भोजन में शामिल करने की सलाह दी गई। सेक्टर पर्यवेक्षक एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मार्गदर्शन में उन्होंने इन व्यंजनों को अपने आहार में शामिल किया, जिससे गर्भावस्था के दौरान उन्हें पर्याप्त पोषण प्राप्त हुआ।
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत आवश्यक शर्तों की पूर्ति करने पर निशा पटेल को प्रथम किश्त के रूप में ?3,000 की राशि प्राप्त हुई। इस राशि का उपयोग उन्होंने पौष्टिक भोजन, फल, दूध एवं आवश्यक दवाइयों की व्यवस्था में किया।
दिनांक 11 अक्टूबर 2025 को निशा पटेल ने एक स्वस्थ शिशु को जन्म दिया। जन्म के समय शिशु का वजन 3.200 किलोग्राम तथा लंबाई 52 सेंटीमीटर थी। शिशु के प्रथम टीकाकरण के उपरांत योजना के अंतर्गत द्वितीय किश्त के रूप में ?2,000 की राशि उनके बैंक खाते में सीधे हस्तांतरित की गई।
निशा पटेल बताती हैं कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से प्राप्त आर्थिक सहायता, नियमित परामर्श एवं रेडी टू ईट से बने पौष्टिक व्यंजनों के सेवन से उन्हें गर्भावस्था के दौरान स्वस्थ रहने में बहुत मदद मिली। आज उनका शिशु स्वस्थ है और पूरा परिवार योजना से अत्यंत संतुष्ट है।
वार्ड पंच महावीर राणा ने बताया कि यह योजना गर्भवती महिलाओं के लिए अत्यंत उपयोगी है और मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सुधार में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।
निशा पटेल की यह सफलता की कहानी दर्शाती है कि जब शासन की योजनाओं का लाभ समय पर मिले और विभागीय अधिकारियों, पर्यवेक्षकों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सतत मार्गदर्शन प्राप्त हो, तो मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में उल्लेखनीय सकारात्मक परिवर्तन संभव है। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना वास्तव में मातृत्व को सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण प्रदान करने वाली प्रभावी योजना है।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

