लखनऊ 2 जनवरी (आरएनएस )। नववर्ष 2026 के दूसरे दिन भी समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला, जहाँ सैकड़ों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, नेता, अधिकारी तथा विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को नववर्ष की शुभकामनाएँ देने पहुँचे। इस दौरान उपस्थित लोगों ने पुष्पगुच्छ और बुके भेंट कर उनका अभिनंदन किया। अखिलेश यादव ने सभी का अभिवादन स्वीकार करते हुए नववर्ष की शुभकामनाएँ दीं।इस अवसर पर कार्यकर्ताओं और नेताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने संगठन को बूथ स्तर पर और अधिक मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को लेकर चल रही एसआईआर प्रक्रिया पर पूरी नजर रखना आवश्यक है। जिन लोगों का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है, उन्हें हर हाल में शामिल कराया जाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सतर्क और सावधान रहने को कहा और आरोप लगाया कि जब मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक रूप से यह कहा कि चार करोड़ वोट कट गए हैं, उसी समय अधिकारियों को बेईमानी करने का संदेश दे दिया गया था।अखिलेश यादव ने कहा कि मौजूदा समय में जो डेटा और आंकड़े सामने आ रहे हैं, उनमें चुनाव आयोग और संबंधित अधिकारियों को अपनी विश्वसनीयता साबित करनी होगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि चुनाव आयोग, मैपिंग एप और चुनाव आयोग की तकनीकी सहायता करने वाली कंपनियाँ निष्पक्षता के साथ कार्य करेंगी। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि मतदाताओं की संख्या को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग और केंद्रीय निर्वाचन आयोग के आंकड़ों में अंतर है, तो फिर एसआईआर की प्रक्रिया का औचित्य क्या रह जाता है। उन्होंने आशंका जताई कि कहीं मुख्यमंत्री के इशारे के बाद बेईमानी की तैयारी तो नहीं की जा रही है।अखिलेश यादव ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा एक बेईमान पार्टी है, जो हर स्तर पर भ्रष्टाचार और अनैतिक तरीकों का सहारा लेती है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता और पीडीए प्रहरी एसआईआर और मतदाता सूची पर पैनी नजर रखें। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार से किसान, नौजवान और महिलाएँ सभी वर्ग परेशान हैं। किसानों को समय पर खाद और बीज नहीं मिल रहा, फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा, जबकि नौजवानों के लिए रोजगार और नौकरी के अवसर लगातार घटते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने झूठे वादे कर जनता को धोखा दिया है।अखिलेश यादव ने कहा कि आज जनता समाजवादी पार्टी की ओर आशा भरी नजरों से देख रही है और लोगों को पार्टी पर भरोसा है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी भाजपा को सत्ता से हटाकर प्रदेश को कुशासन से मुक्त करेगी।नववर्ष के अवसर पर सदर कैंट गुरुद्वारा साहिब की ओर से नरेंद्र सिंह छाबड़ा, नवल जीत सिंह नागपाल, सुरेंद्र सिंह छाबड़ा, आतम सिंह सोढ़ी तथा महेंद्र सिंह छाबड़ा ने अखिलेश यादव को सरोपा भेंट कर सम्मानित किया। वहीं अभिषेक दीक्षित एडवोकेट ने सण्डीला के लड्डू भेंट कर नववर्ष की बधाई दी। इस अवसर पर अतहर हुसैन और अनुराग मिश्र भी उनके साथ मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

