शहडोल 02 Jan, (Rns) । नए साल की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब मामूली घरेलू विवाद के बाद एक गर्भवती नवविवाहिता ने आत्मघाती कदम उठा लिया, इस हृदयविदारक घटना में न सिर्फ एक युवा महिला की जान गई, बल्कि उसके गर्भ में पल रहे मासूम शिशु की भी मौत हो गई,यह दिल दहला देने वाली घटना जिले के गोहपारू थाना क्षेत्र के ग्राम सोनटोला से सामने आई है।
गोहपारू थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सोनटोला का है। यहां रहने वाली 22 वर्षीय नवविवाहिता सरोज का विवाह कुछ समय पहले ही चंद्रभान सिंह से हुआ था, बताया जा रहा है कि न्यू ईयर के जश्न के बाद देर रात चंद्रभान सिंह शराब के नशे में घर लौटा, घर पहुंचते ही पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आवेश और मानसिक तनाव में आकर गर्भवती सरोज ने घर के आंगन में स्थित कुएं में छलांग लगा दी।
कुएं में गिरने की आवाज सुनकर पति मौके पर पहुंचा और पत्नी को बचाने का प्रयास किया, उसने आसपास के लोगों को भी मदद के लिए आवाज दी,ग्रामीणों और पुलिस की मदद से महिला को कुएं से बाहर निकाला गया। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी, डॉक्टरों ने सरोज को मृत घोषित कर दिया, इस घटना में उसके गर्भ में पल रहे शिशु की भी मौत हो गई,घटना की सूचना मिलते ही गोहपारू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
वहीं इस मामले में शहडोल उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय शहडोल डा राघवेंद्र द्विवेदी का कहना है कि पति पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था ,जिससे उसकी पत्नी हुए के आंगन में स्थित कुएं में कूदकर सुसाइट कर ली ,गोहपारू पुलिस मर्ग कायम कर मामले की पड़ताल कर रही है।

