मेरठ 2 जनवरी (आरएनएस )। दिल्ली-दून हाईवे स्थित एमआइईटी और दीवान इंस्टीट्यूट में छात्राओं के बीच मारपीट का वीडियो वायरल होने की घटनाएं अभी लोगों के जहन में हैं। इसी बीच आइआइएमटी कालेज की दो छात्राओं में मारपीट और बाल पकड़कर खींचने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया।
वीडियो में युवक की बहन और महिला दोस्त आपस में भिड़ रही हैं। युवक अपनी बहन को मारपीट करने से रोक रहा है, जबकि महिला दोस्त को एक अन्य छात्रा संभालने में जुटी है।
जांच के बाद गंगानगर पुलिस ने वीडियो को आइआइएमटी कालेज की कैंटीन का होने की पुष्टि की है। छात्राओं के बारे में पुलिस जानकारी जुटा रही है। इंटरनेट मीडिया पर कालेज की ड्रेस पहने दो छात्राओं में मारपीट का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है।
बताया जाता है कि युवक अपनी महिला दोस्त के साथ कालेज की कैंटीन में बैठा हुआ था। तभी अचानक युवक की बहन वहां आ गई। वह भी कालेज में ही पढ़ाई करती है। किसी बात को लेकर बहन और युवक की महिला दोस्त में कहासुनी हो गई।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि दोनों में मारपीट शुरू हो गई। इतने पर भी दोनों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। फिर दोनों ने एक-दूसरे के बाल पकड़कर खींचना शुरू कर दिया।
वीडियो में युवक अपनी बहन को संभालता नजर आ रहा है, जबकि उसकी महिला मित्र को एक अन्य छात्रा रोक रही है। काफी देर तक दोनों में मारपीट के बाद मामला शांत हुआ। कैंटीन से युवक अपनी बहन और उसकी महिला दोस्त अपनी सहेली के साथ निकल गए।
इसी बीच दोनों में मारपीट का किसी छात्र ने वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद गंगानगर पुलिस ने जांच की। इंस्पेक्टर अनूप सिंह ने बताया कि अभी तक की जांच में सामने आया है कि वीडियो आइआइएमटी कालेज के अंदर कैंटीन का है।
जानकारी जुटाई जा रही है कि तीनों छात्राएं व छात्र किस किस कक्षा में पढ़ाई करते हैं। किस बात पर मारपीट हुई है। वहीं, आइआइएमटी कालेज के प्रवक्ता सुनील शर्मा का कहना है कि यह मामला संज्ञान में नहीं है।
इन्होंने कहा …
आइआइएमटी कालेज की कैंटीन के गेट पर हुई मारपीट के वीडियो के आधार पर छात्राओं की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। यदि दोनों पक्ष की तरफ से कोई तहरीर नहीं आई। तब पुलिस की तरफ से मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
डा. विपिन ताडा, एसएसपी
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

