नववर्ष पर 101 रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) परिसर में जोश, उमंग और सौहार्द से सराबोर सांस्कृतिक एवं खेल महोत्सव
प्रयागराज 2 जनवरी (आरएनएस )। नववर्ष के पावन अवसर पर 101 रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) परिसर में विविध सांस्कृतिक एवं खेल गतिविधियों का आयोजन अत्यंत उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ किया गया। 31 दिसंबर को सर्वप्रथम मनीष कुमार भारती, कमांडेंट एवं श्रीमती स्मिता भारती, कावाध्यक्ष-101 आरएएफ द्वारा परिसर में आयोजित नववर्ष मेले का फीता काटकर विधिवत शुभारंभ किया गया। तत्पश्चात् कमांडेंट द्वारा मेले का निरीक्षण करते हुए विभिन्न स्टॉलों एवं गतिविधियों का अवलोकन किया गया।
कार्यक्रम की कड़ी में खो-खो, रस्साकशी, बोरी जंप, साइकिल स्लो रेस, जलेबी रेस एवं म्यूजिकल चेयर जैसी विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जिसमें बल के जवानों, उनके परिजनों एवं बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से आपसी सौहार्द, टीम भावना एवं उत्साह को और अधिक प्रोत्साहन मिला। इसी क्रम में सांस्कृतिक संध्या कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर कमांडेंट द्वारा खेल प्रतियोगिताओं एवं सांस्कृतिक संध्या कार्यक्रम में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को प्रशंसा पत्र एवं उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
01 जनवरी को नववर्ष के उपलक्ष्य में परिसर स्थित मंदिर में विधि-विधान के साथ पूजन एवं हवन किया गया तथा वाहिनी एवं जनकल्याण हेतु मंगल कामना की गई साथ ही रात्री भोजन में सभी भोजनालय में बड़े खाने का आयोजन किया गया।
उक्त अवसर पर हरिओम सागर (द्वितीय कमान अधिकारी), पुनर्वसु तिवारी (द्वितीय कमान अधिकारी), नितिन कुमार (उप कमांडेंट), यज्ञ कुमार सिंह (उप कमांडेंट) नीरज कुमार (उप कमांडेंट), अच्छेलाल सिंह यादव (उप कमांडेंट), आत्माराम यादव (उप कमांडेंट) सहित अन्य अधिकारीगण, अधीनस्थ अधिकारीगण, जवान, उनके परिवारजन एवं बच्चे उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

