एलएलबी एग्जाम कोऑर्डिनेटर पर छात्रों को फेल करने का दबाव बनाने का आरोप
प्रयागराज 2 जनवरी (आरएनएस )। औद्योगिक क्षेत्र स्थित रज्जू भैया विश्वविद्यालय में शुक्रवार को एलएलबी की कॉपियों का मूल्यांकन करने वाले परीक्षकों ने विश्वविद्यालय कैंपस में परीक्षा भवन के बाहर जमकर हंगामा किया। परीक्षकों का आरोप है कि परीक्षा नियंत्रक उन पर एलएलबी के तृतीय और पंचम सत्र के छात्रों को फेल करने का दबाव बना रही हैं।
यह हंगामा एलएलबी सत्र 2025 की कॉपियों के मूल्यांकन के दौरान हुआ। विश्वविद्यालय परिसर के परीक्षा भवन में इन छात्रों की कॉपियां जांची जा रही हैं, जिसके लिए विभिन्न महाविद्यालयों से परीक्षकों को बुलाया गया है। परीक्षकों का कहना है कि परीक्षा नियंत्रक उन पर छात्रों को अनुत्तीर्ण करने का अनावश्यक दबाव डाल रही हैं। परीक्षकों ने बताया कि परीक्षा नियंत्रक की टीम में गुटबाजी के चलते ऐसा किया जा रहा है। परीक्षकों ने बताया कि पूरे प्रदेश से संबद्ध महाविद्यालयों के परीक्षकों को कॉपियां जांचने के लिए विश्वविद्यालय बुलाया गया है। उन्हें प्रति कॉपी 20 रुपए मानदेय दिया जाता है और एक दिन में अधिकतम 100 कॉपियां जांचने को कहा जाता है।
मूल्यांकन का समय सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है। इसी दौरान, परीक्षा नियंत्रक और उनकी समिति के सदस्यों द्वारा परीक्षकों को छात्रों को मौखिक रूप से फेल करने का आदेश दिया गया। इससे नाराज होकर परीक्षक मुख्य भवन के बाहर आकर हंगामा करने लगे। इस संबंध में विश्वविद्यालय प्रशासन से बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिल सका।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

