धर्मशाला ,03 जनवरी (आरएनएस)। हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला स्थित एक सरकारी कॉलेज में सेकेंड ईयर की 19 वर्षीय छात्रा की मौत के बाद बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने छात्रा की मौत के मामले में तीन वरिष्ठ छात्राओं और कॉलेज के प्रोफेसर अशोक कुमार के खिलाफ रैगिंग, मारपीट और यौन उत्पीडऩ के आरोप में केस दर्ज किया है। आरोप है कि लगातार प्रताडऩा और हिंसा के चलते छात्रा गहरे मानसिक तनाव में चली गई, जिसके बाद उसकी मौत हो गई।
मौत से पहले वीडियो में बयां किया दर्द
छात्रा ने अपनी मौत से पहले मोबाइल पर एक वीडियो रिकॉर्ड किया था, जिसमें उसने अपने साथ हुई कथित प्रताडऩा की पूरी आपबीती बताई। वीडियो में छात्रा ने आरोप लगाया कि संबंधित प्रोफेसर ने उसके साथ गलत तरीके से व्यवहार किया और यौन उत्पीडऩ किया। उसने यह भी कहा कि विरोध करने पर उसे चुप रहने की धमकियां दी गईं। वीडियो में मानसिक उत्पीडऩ और रैगिंग से जुड़ी अन्य घटनाओं का भी जिक्र है।
सीनियर छात्राओं पर रैगिंग और मारपीट के आरोप
पुलिस के अनुसार, पीडि़ता की 26 दिसंबर 2025 को लुधियाना के एक अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इसके बाद गुरुवार को छात्रा के पिता की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 18 सितंबर 2025 को कॉलेज की तीन वरिष्ठ छात्राओं—हर्षिता, आकृति और कोमोलिका—ने उनकी बेटी के साथ रैगिंग की, मारपीट की और उसे धमकाया। साथ ही प्रोफेसर अशोक कुमार पर अश्लील हरकतें करने और यौन उत्पीडऩ के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
प्रताडऩा से बिगड़ी हालत, अस्पताल में हुई मौत
पीडि़ता के पिता का कहना है कि लगातार पिटाई और मानसिक प्रताडऩा के कारण उनकी बेटी की तबीयत बिगड़ती चली गई, जिसके चलते उसे कई अस्पतालों में भर्ती कराना पड़ा। अंतत: लुधियाना के डीएमसी अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पिता ने बताया कि बेटी गहरे सदमे में थी, इसी वजह से शुरुआत में वे खुलकर शिकायत दर्ज नहीं करा सके।
20 दिसंबर की शिकायत में सिर्फ रैगिंग का जिक्र
पुलिस अधिकारी अशोक रतन ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (क्चहृस्) की धारा 75, 115(2) और हिमाचल प्रदेश शैक्षणिक संस्थान (रैगिंग निषेध) अधिनियम की धारा 3 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि 20 दिसंबर को दर्ज शिकायत में केवल रैगिंग का उल्लेख था, इसलिए प्रारंभिक जांच उसी एंगल से की जा रही थी। बाद में प्रोफेसर के खिलाफ आरोप सामने आने पर जांच का दायरा बढ़ा दिया गया है। पुलिस अब उन सभी अस्पतालों की भी जांच करेगी, जहां-जहां छात्रा को भर्ती कराया गया था।
कॉलेज प्रशासन ने झाड़ा पल्ला
वहीं, कॉलेज प्रशासन ने मामले से खुद को अलग करते हुए अलग ही दलील दी है। कॉलेज के प्रधानाचार्य राकेश पठानिया का कहना है कि छात्रा पहले वर्ष में फेल हो गई थी, इसके बावजूद उसने दूसरे वर्ष में प्रवेश लिया। उन्होंने दावा किया कि कॉलेज प्रशासन को पहले कभी कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली थी।
00
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

