सिडनी ,05 जनवरी । इंग्लैंड के पूर्व कप्तान जो रूट ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एशेज सीरीज 2025-26 के पांचवें और अंतिम टेस्ट मैच में शानदार बल्लेबाजी करते हुए एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर खेले जा रहे इस मुकाबले के दूसरे दिन रूट ने शतकीय पारी खेलते हुए इंग्लैंड की पहली पारी को मजबूती प्रदान की।
जो रूट ने 15 चौकों की मदद से 242 गेंदों पर 160 रन बनाए। उन्होंने 146 गेंदों में अपना शतक पूरा किया, जो उनके टेस्ट करियर का 41वां शतक रहा। इस पारी के साथ ही रूट टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग की बराबरी कर ली है, जिन्होंने अपने करियर में 41 टेस्ट शतक लगाए थे। इस सूची में अब रूट और पोंटिंग से आगे केवल जैक्स कैलिस (45 शतक) और सचिन तेंदुलकर (51 शतक) ही हैं। मौजूदा दौर के सक्रिय बल्लेबाजों में रूट सबसे आगे नजर आ रहे हैं। उनके बाद स्टीव स्मिथ (36 शतक) और केन विलियमसन (33 शतक) का नंबर आता है, जो रूट से काफी पीछे हैं।
मैच के पहले दिन खेल जल्दी समाप्त होने के कारण जो रूट 72 रन बनाकर नाबाद लौटे थे। दूसरे दिन उन्होंने असमान उछाल और कड़ी गेंदबाजी के बावजूद पूरे धैर्य के साथ अपनी पारी को आगे बढ़ाया। इस दौरान दूसरे छोर पर हैरी ब्रूक (84), बेन स्टोक्स (0) और जेमी स्मिथ (46) के विकेट गिरे, लेकिन रूट ने संयम बनाए रखा और दबाव में भी रन बनाते रहे।
यह ऑस्ट्रेलियाई धरती पर जो रूट का दूसरा टेस्ट शतक रहा और खास बात यह है कि दोनों शतक उन्होंने मौजूदा एशेज सीरीज में ही लगाए हैं। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया में खेले गए 14 टेस्ट मैचों में वह शतक नहीं लगा सके थे। वर्ष 2021 से अब तक रूट टेस्ट क्रिकेट में 24 शतक जड़ चुके हैं, जो उनकी निरंतरता और क्लास को दर्शाता है।
पांच मैचों की एशेज सीरीज में इंग्लैंड फिलहाल 3-1 से पीछे है, लेकिन सिडनी टेस्ट में जीत दर्ज करने पर टीम को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 के लिए 12 अहम अंक मिल सकते हैं। वर्तमान में इंग्लैंड नौ टीमों की तालिका में सातवें स्थान पर बना हुआ है।
00
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

