प्रयागराज 5 जनवरी (आरएनएस)। भारतीय जनता पार्टी एनजीओ प्रकोष्ठ के प्रांत सहसंयोजक रजनीकांत ने अरैल तिराहा (नैनी) क्षेत्र में मुख्य मार्ग को अवरुद्ध किए जाने पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि कसाई मोहल्ला, चकदोदी होते हुए अरेल संगम घाट को जाने वाला यह मार्ग एक प्रमुख आवागमन मार्ग है, जिसे पूरी तरह बंद करना जनहित के विरुद्ध है।
उन्होंने मांग की कि सड़क को ब्लॉक करने के बजाय अरैल तिराहा पर लगाए गए खंभों एवं अतिक्रमण को तत्काल हटाया जाए, ताकि स्थानीय निवासियों एवं श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
रजनीकांत ने कहा कि इससे न केवल स्थानीय लोगों को परेशानी हो रही है, बल्कि संगम आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था को भी ठेस पहुंच रही है। श्रद्धालुओं के प्रति सहयोगात्मक एवं संवेदनशील रवैया अपनाया जाना चाहिए, न कि उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान किया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि जब प्रदेश सरकार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पर्यटन को बढ़ावा देने और श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता दे रही है, तब इस प्रकार का मार्ग अवरोध दुर्भाग्यपूर्ण है। महाकुंभ जैसे बड़े आयोजनों के दौरान भी आवागमन को बाधित नहीं किया गया था।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

