जौनपुर ,16 मई (आरएनएस)। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में तहसील सदर में कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर प्रेक्षागृह में बेसिक शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, महिला एवं बाल विकास, पशुपालन, मत्स्य, उद्यान, वन, उद्योग, सहकारिता, श्रम, स्वरोजगार, खाद्य एवं रसद, कृषि विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे जहां उन्हें विभागीय योजनाओं, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया तथा सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी उद्योग विभाग द्वारा स्वरोजगार एवं उद्यम स्थापना से संबंधित योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया गया, जबकि सहकारिता विभाग द्वारा किसानों को सहकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। पशुपालन एवं मत्स्य विभाग द्वारा पशुपालन एवं मत्स्य पालन को बढ़ावा देने हेतु संचालित योजनाओं के बारे में जागरूक किया गया। जिलाधिकारी के द्वारा आमजनमानस की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया तथा समस्या के समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को प्रार्थना पत्र अग्रसारित करते हुए गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि प्रत्येक कार्यालय में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रहें तथा साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय एवं बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी समय से कार्यालय पहुंचे तथा अनुशासन एवं समयबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने जनसुनवाई को अत्यंत गंभीरता से संचालित करने के निर्देश देते हुए कहा कि समस्त विभागाध्यक्ष प्रतिदिन प्रात: 10 बजे से 12 बजे तक प्रभावी रूप से अपने अपने कार्यालयो में जनसुनवाई करें तथा आम जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनते हुए उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जनसुनवाई, आईजीआरएस एवं सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों को किसी भी दशा में लंबित न रखा जाए तथा शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि कार्यालयों में अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने दी जाए तथा आगंतुकों एवं फरियादियों के साथ शालीन व्यवहार किया जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि जनसामान्य को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए और उनकी समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाए। मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाडिय़ा, सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता, उप जिलाधिकारी, तहसीलदार सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी और आमजन उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

