जौनपुर ,16 मई (आरएनएस)।जिले में भीषण गर्मी का प्रकोप कम होने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को लगातार तीसरे दिन अधिकतम पारा 44 डिग्री रहा। न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी जारी रही और एक डिग्री ऊपर चढ़कर 27 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। बाहर चिलचिलाती धूप और घर व दफ्तरों के अंदर उमस ने लोगों का चैन छीन लिया। पंखे व कूलर के सामने बैठे रहने पर भी पसीना नहीं सूखा। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक फिलहाल प्रचंड गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। सुबह से ही गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए। सूरज की गर्म किरणें बदन में चुभने लगीं। तपिश से आम जनमानस बुरी तरह बेहाल नजर आया। दोपहर होते-होते तेज धूप व 13 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलने वाली गर्म हवा कहर ढाने लगी। भीषण गर्मी से बेचैन लोग बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा सके। इसके चलते दोपहर को शहर की प्रमुख बाजार व चैराहों पर सन्नाटा पसरा दिखाई दिया। जरूरी काम से निकले लोग गर्मी में पसीना-पसीना होकर छांव तलाशते रहे। पिछले दिनों बारिश के बाद चिलचिलाती धूप व उमस भरी गर्मी ने जनमानस को बेहाल कर दिया है। मंगलवार को दोपहर में तेज धूप के कारण लोगों का जहां राह चलना दुश्वार हो गया, वहीं आवागमन में पसीने छूट गए। हालांकि मौसम विज्ञानियों के अनुसार आने वाले दिनों में बारिश की संभावना बनी हुई है। सूरज की किरणों के धरती पर आते ही लोग गर्मी से परेशान हो गए। ज्यों ज्यों दिन चढ़ता गया चिलचिलाती धूप ने आमजन को बेहाल कर दिया। गर्मी ऐसी कि कूलर, पंखे भी फेल हो गए हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

