जमकर हुआ हंगामा, आधी रात तक छावनी बना रहा अस्पताल
प्रयागराज 5 जनवरी (आरएनएस)। प्रयागराज के एक बड़े भाजपा नेता के रिश्तेदार की पिटाई के बाद एसआरएन अस्पताल में जमकर बवाल हुआ। जूनियर डॉक्टर व दूसरी ओर से बड़ी संख्या में लोगों के जुट जाने से स्थिति तनावपूर्ण हो गई। हालात यह हुए कि कई थानों की फोर्स लेकर अफसरों को पहुंचना पड़ा। घंटों समझाने के बाद दोनों पक्ष शांत हुए और इस दौरान आधी रात तक एसआरएन अस्पताल परिसर छावनी बना रहा। घटना रविवार रात करीब 11 बजे हुई।
बताया जा रहा है कि यहां भर्ती एक पेशेंट को देखने के लिए मु_ीगंज के आदर्श केसरवानी कुछ लोगों के साथ पहुंचे थे। पेशेंट का ईसीजी होना थाऔर इसी बात को लेकर उनकी ड्यूटी पर मौजूद जूनियर डॉक्टर से नोकझोंक हो गई। बात इतनी बढ़ी कि वहां गालीगलौज होने लगी। इसके बाद दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए और फिर वहां जमकर मारपीट हुई।
मारपीट की सूचना पर बड़ी संख्या में दूसरे पक्ष से भी लोग जुट गए और वहां स्थिति तनावपूर्ण हो गई। सूचना पर कोतवाली पुलिस पहुंची और हालात को देखते हुए आसपास के कई थानों की फोर्स लेकर अफसर भी आ गए। दोनों पक्ष कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। घंटों हंगामा चलता रहा। पुलिस अफसरों ने बहुत समझाया और तब जाकर रात 12 बजे के करीब मामला शांत हुआ।
एसीपी कोतवाली रवि कुमार गुप्ता ने बताया कि किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। मौके पर पहुंचकर उन्हें समझाया गया और वह शांत हो गए। डॉक्टरों की ओर से तहरीर दिए जाने की बात कही गई है। तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

