यूपी, बिहार और झारखंड तक फैला नेटवर्क
प्रयागराज 5 जनवरी (आरएनएस)। स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की प्रयागराज यूनिट को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसटीएफ ने इंटरस्टेट शराब तस्कर सिंडिकेट के सरगना नवदीप सिंह उर्फ नवी ग्रेवाल उर्फ लकी सिंह को पंजाब से गिरफ्तार किया है। एक लाख का यह इनामी लगभग दो साल से फरार चल रहा था। इसने अपने सिंडिकेट का नेटवर्क यूपी से लेकर बिहार, झारखंड तक फैला रखा था।
एसटीएफ के अधिकारियों ने बताया कि टीम पिछले काफी समय से नवदीप की तलाश में लगी थी। इसी दौरान खबर मिली कि उसने पंजाब के मोहाली में अपना ठिकाना बना रखा है। इसके बाद एसटीएफ इंस्पेक्टर जय प्रकाश राय के नेतृत्व में एक टीम ने पंजाब में पहुंचकर ऑपरेशन शुरू किया और मोहाली से उसे दबोच लिया।
नवदीप नवाबगंज थाने में दर्ज अवैध शराब तस्करी के मामले में लगभग दो साल से वांटेड था। इस मामले में उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। एसटीएफ के मुताबिक पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह इंटरस्टेट शराब तस्कर सिंडिकेट का संचालन करता है। वह अपने साथी मनवीर सिंह उर्फ मन्नू (निवासी हिसार, हरियाणा) और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर कई वर्षों से यह सिंडिकेट चला रहा है। सिंडिकेट चंडीगढ़ और पंजाब से अवैध शराब ट्रकों में लोड कर यूपी, बिहार और झारखंड भेजता था। पुलिस से बचने के लिए शराब को ट्रकों में अंडे, मुर्गी का दाना, प्लास्टिक स्क्रैप जैसे सामान के बीच छिपाकर भेजा जाता था।
उसने यह भी बताया कि 2022 में वह झारखंड के रांची से शराब तस्करी के मामले में गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है। 2023 में प्रयागराज में एसटीएफ ने अंडों की आड़ में ले जाई जा रही भारी मात्रा में अवैध शराब पकड़ी थी। यह खेप उसके ही सिंडिकेट से बिहार और झारखंड भेजी जा रही थी। इसमें ट्रक चालक गिरफ्तार हुआ था, जबकि नवदीप सिंह फरार हो गया था। मुकदमे में इनामी घोषित होने के बाद अभियुक्त लगातार ठिकाने बदलता रहा और पंजाब में छिपकर रह रहा था। गिरफ्तार अभियुक्त को थाना जिरखपुर, जिला एसएएस नगर मोहाली में दाखिल किया गया है। उसे ट्रांजिट रिमांड बनवाकर प्रयागराज लाया जाएगा।
नवदीप सिंह का लंबा चौड़ा आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ रायबरेली, सुल्तानपुर, कानपुर नगर, बाराबंकी और भदोही जनपदों में शराब तस्करी, धोखाधड़ी और जालसाजी से जुड़े सात मुकदमे दर्ज हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

