सेल्समैन को बातों में उलझाया, पल्लू में छिपाकर भागीं
प्रयागराज 5 जनवरी (आरएनएस)। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में कल्याण ज्वैलर्स के शोरूम से 4 महिलाओं ने करीब 14 लाख रुपए के गहने चुरा लिए। महिलाएं छोटे-छोटे बच्चों के साथ पहुंची थीं, ताकि किसी को शक न हो। उनमें एक ने ज्वैलरी खरीदने के बहाने सेल्समैन को अपनी बातों में उलझाया। बाकी महिलाएं पास में ही गहनों वाले काउंटर के पास लगी कुर्सियों पर बैठ गईं। जब सेल्समैन गहने दिखाने में बिजी हो गया तो मौका पाकर एक महिला ने सोने की ईयर-रिंग से भरा डिस्प्ले पैड उठा लिया। उसने डिस्प्ले पैड अपनी बाईं ओर बैठी दूसरी महिला को सौंप दिया, जिसने उसने अपने शॉल में छिपा लिया।
पूरी वारदात शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। मामला 31 दिसंबर का सिविल लाइंस में सरदार पटेल मार्ग पर कल्याण ज्वैलर्स शोरूम का है। इसका वीडियो अब सामने आया है। मामले में मैनेजर की ओर से सिविल लाइंस थाने में चार अज्ञात महिलाओं पर एफआईआर दर्ज कराई गई है। महिलाओं की तलाश की जा रही है।
सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि महिलाएं शाम 4:16 बजे शोरूम में दाखिल हुईं। एक महिला काउंटर पर खड़े सेल्समैन से ज्वैलरी दिखाने के लिए कहने लगी। उसकी तीन साथी महिलाएं दूसरे काउंटर पर लगी कुर्सियों पर जाकर बैठ गईं। कुछ देर बाद दूसरे काउंटर पर बैठी महिलाओं में हरे रंग की साड़ी पहने महिला उठती है। वह इधर-उधर देखती है। जब उसे लगता है कि कोई नहीं देख रहा तो काउंटर में रखा ईयररिंग का डिस्प्ले पैड उठा लेती है। इस डिस्प्ले पैड में कुल 12 जोड़ी ईयर-रिंग थीं।
वह तेजी से डिस्प्ले पैड अपने बाईं ओर बैठी दूसरी महिला को पकड़ा देती है। जो उसे अपनी शॉल में छिपा लेती है। इस दौरान पहले वाली महिला दूसरे काउंटर पर सेल्समैन को अपनी बातों में उलझाए रखती है। करीब 14 मिनट बाद यानी 4.30 बजे पर चारों महिलाएं डिस्प्ले पैड समेत ईयर रिंग लेकर शोरूम से बाहर निकल जाती हैं।
इस मामले में शोरूम के मैनेजर शहान खान ने सिविल लाइंस थाने में एफआईआर दर्ज कराई। उन्होंने बताया-कल्याण ज्वैलर्स की फ्रेंचाइजी अनंत ज्वैलर्स के पास है। इसमें वह मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। 31 दिसंबर को ईयर रिंग का एक पैड चोरी हो गया, उसमें कुल 12 जोड़ी ईयर रिंग थीं। इसकी कीमत कुल 14 लाख रुपए आंकी गई।
सिविल लाइंस थाना प्रभारी रामाश्रय यादव ने बताया-स्नढ्ढक्र दर्ज कर ली गई है। शोरूम के सीसीटीवी के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। साथ ही महिलाओं की तलाश की जा रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

