लखनऊ 5 जनवरी (आरएनएस ) लखनऊ में पर्यटन को नई गति देने और शहर की ऐतिहासिक व सांस्कृतिक पहचान को सशक्त स्वरूप प्रदान करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल होने जा रही है। उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह मंगलवार 06 जनवरी की सुबह 10 बजे 1090 चौराहे से लखनऊ दर्शन बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह बस पर्यटकों को एक ही यात्रा में लखनऊ की ऐतिहासिक धरोहर, सांस्कृतिक वैभव और आधुनिक शहरी विकास के विविध रंगों से रूबरू कराएगी।पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक शहरी पर्यटन की अवधारणा को ध्यान में रखते हुए राजधानी लखनऊ एक नई दिशा में आगे बढ़ रही है। उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम द्वारा लखनऊ दर्शन इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस सेवा के दो सफल मॉक ड्रिल किए जाने के बाद अब इसे आम जनता और पर्यटकों के लिए नियमित रूप से शुरू किया जा रहा है। यह सेवा 07 जनवरी 2026 से आरंभ होगी, जिससे शहरवासियों और पर्यटकों को सिटी टूर का एक नया और आकर्षक अनुभव मिलेगा। यह पहल न केवल लखनऊ की समृद्ध विरासत को नए अंदाज में प्रस्तुत करेगी, बल्कि सतत और पर्यावरण अनुकूल पर्यटन को भी मजबूती प्रदान करेगी।लखनऊ दर्शन बस सेवा पर्यटकों के लिए सुबह और शाम दोनों समय उपलब्ध कराई जाएगी। प्रात:कालीन यात्रा सुबह 08:30 बजे से 11:30 बजे तक होगी, जिसकी शुरुआत 1090 चौराहे से की जाएगी। इस दौरान पर्यटक राजभवन, जीपीओ और हजरतगंज के प्रमुख आकर्षणों का अवलोकन करेंगे। इसके बाद बस बेगम हजरत महल पार्क, ग्लोब पार्क और छतर मंजिल होते हुए 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े ऐतिहासिक रेजीडेंसी परिसर पहुंचेगी, जहां पर्यटकों को लगभग 40 मिनट तक भ्रमण का अवसर मिलेगा। सिब्तैनाबाद इमामबाड़ा से गुजरते हुए बस पुन: हजरतगंज पहुंचेगी, जहां विधान सभा भवन का विशेष भ्रमण कराया जाएगा। इसके उपरांत राजभवन और कैथेड्रिल चर्च के मार्ग से बस उत्तर प्रदेश दर्शन पार्क पहुंचेगी, जहां 30 मिनट का समय निर्धारित किया गया है। आगे यह यात्रा आंबेडकर पार्क और गोमती रिवर फ्रंट के सुंदर मार्गों से गुजरते हुए पुन: 1090 चौराहे पर संपन्न होगी। इस टूर पैकेज में रेजीडेंसी और उत्तर प्रदेश दर्शन पार्क के प्रवेश टिकट शामिल होंगे, साथ ही विधान सभा भवन में विशेष प्रवेश की व्यवस्था भी की गई है।शाम के समय लखनऊ दर्शन बस सेवा सायं 04 बजे से 07 बजे तक संचालित की जाएगी। यह यात्रा 1090 चौराहा, गोमती नगर से प्रारंभ होकर उत्तर प्रदेश दर्शन पार्क पहुंचेगी, जहां पर्यटकों को 30 मिनट का समय दिया जाएगा। इसके बाद बस आंबेडकर पार्क, गोमती रिवर फ्रंट, कैथेड्रिल चर्च और राजभवन के रास्ते विधान सभा भवन पहुंचेगी, जहां लगभग 40 मिनट का भ्रमण कराया जाएगा। आगे सिब्तैनाबाद इमामबाड़ा होते हुए बस रेजीडेंसी पहुंचेगी, जहां पर्यटक लाइट एंड साउंड शो का आनंद लेंगे। इसके बाद छतर मंजिल, ग्लोब पार्क, बेगम हजरत महल पार्क और जीपीओ से गुजरते हुए यह यात्रा फूड वैली पर समाप्त होगी।लखनऊ दर्शन बस सेवा आम लोगों के लिए 07 जनवरी 2026 से शुरू की जाएगी। यात्री अपनी सुविधा के अनुसार सुबह या शाम के टूर पैकेज का चयन कर सकेंगे। वयस्कों के लिए प्रति व्यक्ति किराया 500 रुपये और 5 से 12 वर्ष आयु के बच्चों के लिए 400 रुपये निर्धारित किया गया है। यात्रा के दौरान यात्रियों को हल्का जलपान भी उपलब्ध कराया जाएगा। अधिक से अधिक लोगों को इस सेवा से जोडऩे के उद्देश्य से 31 जनवरी तक टिकट बुकिंग पर 10 प्रतिशत की छूट भी दी जा रही है। इच्छुक यात्री उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन टिकट बुक कर सकते हैं।लखनऊ दर्शन एलिवेटेड सिटी टूर इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस सेवा को हरी झंडी दिखाए जाने के अवसर पर बस में मीडिया प्रतिनिधि, टूर एंड ट्रेवल उद्योग से जुड़े विशेषज्ञ, पर्यटन एवं परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा अन्य गणमान्य लोग सवार रहेंगे, जो राजधानी के पर्यटन क्षेत्र में हो रही इस अभिनव और पर्यावरण मित्र पहल के साक्षी बनेंगे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

