लखनऊ 5 जनवरी (आरएनएस ) समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि भाजपा का बुनियादी चरित्र लोकतंत्र विरोधी है और वह सत्ता का खुलकर दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जो एसआईआर की प्रक्रिया चल रही है, वह वास्तव में एनआरसी ही है। एनआरसी का कार्य सामान्यत: गृहमंत्रालय के अंतर्गत आता है, लेकिन भाजपा सरकार निर्वाचन आयोग के माध्यम से एसआईआर के जरिए एनआरसी जैसा कार्य करवा रही है, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए बेहद खतरनाक है।सोमवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं, नेताओं, नौजवानों, प्रबुद्ध समाज के लोगों, डॉक्टरों, प्रोफेसरों और साधु-संतों सहित सैकड़ों लोगों ने अखिलेश यादव से भेंट कर नववर्ष की बधाई दी और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का संकल्प व्यक्त किया। इस दौरान बड़ी संख्या में मौजूद लोगों में उत्साह और परिवर्तन की उम्मीद साफ दिखाई दी।अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा नकारात्मक सोच और विभाजनकारी राजनीति का प्रतिनिधित्व करती है। वह न संविधान को मानती है और न ही लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जनता से झूठे वादे करती है और सत्ता में आने के बाद आम लोगों को लगातार परेशानियों में उलझाए रखती है। जब से भाजपा सरकार सत्ता में आई है, तब से जनता को कभी नोटबंदी की लाइन में, कभी टीकाकरण, कभी रोजगार और कभी राशन के नाम पर लाइनों में खड़ा रखा गया है।अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा संविधान के रास्ते पर चली है और लोकतंत्र की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करती रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव प्रदेश के भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को हर स्तर पर बर्बाद कर दिया है। प्रदेश को इस तबाही से बचाने और विकास के रास्ते पर दोबारा ले जाने के लिए समाजवादी पार्टी की सरकार बनाना जरूरी है।उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों, नौजवानों, महिलाओं और व्यापारियों सहित समाज के हर वर्ग को धोखा दिया है। मौजूदा सरकार के कार्यकाल में महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, अन्याय और अत्याचार चरम पर पहुंच चुके हैं। जनता भाजपा सरकार के कुशासन से पूरी तरह त्रस्त है और उसकी बेईमानी व लूट से परेशान हो चुकी है। अखिलेश यादव ने विश्वास जताया कि प्रदेश की जनता वर्ष 2027 में भाजपा को सत्ता से हटाकर कुशासन का अंत करेगी और समाजवादी पार्टी को सरकार बनाने का अवसर देगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

