लखनऊ 5 जनवरी (आरएनएस )। महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण और आत्मविश्वास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ द्वारा संचालित मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत आज 05 जनवरी 2026 को थाना अलीगंज क्षेत्र में मूंगफली मंडी के आसपास व्यापक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अभियान का मूल उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा उपायों, सरकारी योजनाओं और साइबर अपराधों से बचाव के प्रति सजग और समर्थ बनाना रहा।पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सेंगर के निर्देशन में चलाए जा रहे मिशन शक्ति 5.0 के तहत अलीगंज पुलिस टीम, एंटी रोमियो स्क्वायड और मिशन शक्ति टीम ने मौके पर पहुंचकर महिलाओं एवं बच्चों से संवाद किया। इस दौरान महिला हेल्प डेस्क, मिशन शक्ति केंद्रों की भूमिका और कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई तथा महिलाओं को बताया गया कि किसी भी समस्या की स्थिति में वे बिना संकोच पुलिस सहायता प्राप्त कर सकती हैं।कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को 1090 महिला पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 1098 चाइल्डलाइन, 1076 टोल फ्री सिटीजन कॉल सेंटर, 101 अग्निशमन सेवा, 102 और 108 एम्बुलेंस सेवा, 112 आपातकालीन सेवा तथा 1930 साइबर क्राइम हेल्पलाइन जैसे महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इसके साथ ही यूपी कॉप ऐप और महिलाओं के लिए संचालित अन्य सरकारी योजनाओं के संबंध में भी जागरूक किया गया, ताकि जरूरत पडऩे पर वे त्वरित सहायता प्राप्त कर सकें।अलीगंज पुलिस टीम ने महिलाओं को उनके विरुद्ध होने वाले अपराधों की पहचान और उनसे बचाव के उपाय बताए। बच्चियों को गुड टच और बैड टच के बारे में समझाया गया तथा उन्हें आत्मरक्षा के सरल और प्रभावी तरीके सिखाए गए। कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनने, अपने भविष्य को लेकर सजग रहने और किसी भी प्रकार के डर या दबाव के बिना अपनी बात रखने के लिए प्रेरित किया गया।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत लखनऊ कमिश्नरेट के सभी 54 थानों पर मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए जा चुके हैं, जहां निरीक्षक, अतिरिक्त निरीक्षक, उपनिरीक्षक और महिला उपनिरीक्षक की तैनाती की गई है। इन केंद्रों का उद्देश्य थाने पर आने वाली महिलाओं की समस्याओं का त्वरित, संवेदनशील और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।मूंगफली मंडी क्षेत्र में आयोजित यह जागरूकता कार्यक्रम महिला सुरक्षा, कानूनी जानकारी और सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में एक सार्थक पहल साबित हुआ। कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं और बच्चियों में न केवल अपने अधिकारों को लेकर जागरूकता बढ़ी, बल्कि आत्मविश्वास और स्वावलंबन का भाव भी मजबूत हुआ। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ द्वारा भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम लगातार जारी रखने की बात कही गई है, ताकि समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सके और महिलाएं स्वयं को हर परिस्थिति में सुरक्षित और सशक्त महसूस कर सकें।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

