सुल्तानपुर 5 जनवरी (आरएनएस )। सोमवार को भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति गुट ने तिकोनिया पार्क में प्रदर्शन किया। किसानों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी को संबोधित एक ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट प्रीति जैन को सौंपा।
ज्ञापन में किसानों ने जिले की नहरों में पानी की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने, सहकारी समितियों पर खाद की उपलब्धता बढ़ाने और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज तक पहुंचने के लिए रास्ते का निर्माण कराने की मांग की। इसके अतिरिक्त, विजय कुमार पाण्डेय के घर से पारसनाथ यादव के घर तक खड़ंजा निर्माण शीघ्र कराने की भी मांग की गई। संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने बताया कि जनपद की किसी भी समिति पर खाद उपलब्ध नहीं है और माइनरों (नहरों) में पानी नहीं पहुंच रहा है, जिससे खेती बुरी तरह प्रभावित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मरीजों को केवल “खडिय़ा मिट्टी” की दवाएं दी जा रही हैं और जिला अस्पताल को मेडिकल कॉलेज में विलय कर दिए जाने से स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने सरकार को चेतावनी दी कि यदि एक महीने के भीतर इन व्यवस्थाओं को दुरुस्त नहीं किया गया, तो 5 फरवरी से तिकोनिया पार्क में अनिश्चितकालीन आंदोलन और धरना शुरू किया जाएगा। उन्होंने जिलाधिकारी से अपील की कि वे शासन से समन्वय कर इन समस्याओं का त्वरित समाधान करें।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

