कोशिश करने वाले को डेढ़ किलोमीटर तक घसीटा, कपड़े फाड़े, मार-मारकर बेसुध किया,
प्रयागराज 7 जनवरी (आरएनएस)। औद्योगिक थाना क्षेत्र में 14 साल की लड़की से रेप की कोशिश की गई। यह लड़की सुन-बोल नहीं सकती है। किशोरी को ढूंढते हुए परिजनों के पहुंचने पर आरोपी भाग निकला। कुछ घंटे बाद गुस्साए लोगों को मालूम हुआ कि आरोपी घर में छिपा हुआ है। भीड़ आरोपी को घसीटते हुए डेढ़ किलोमीटर दूर थाने तक ले गई। मार-मारकर उसे बेसुध कर दिया। कपड़े फाड़ दिए। सिर्फ अंडरवियर में सड़क पर घसीटने लगे। युवक हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाने लगा, लेकिन भीड़ ने उसकी एक न सुनी। उसे मारते हुए औद्योगिक क्षेत्र थाने तक ले गए। घसीटने से आरोपी के हाथ-पैर छिल गए हैं। फिलहाल, पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। लड़की का मेडिकल कराया जा रहा है। थोड़ी देर में लड़की के बयान दर्ज कराए जाएंगे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी मनीष जायसवाल औद्योगिक थाना क्षेत्र का रहने वाला है। उसके पिता रेलवे के रिटायर्ड हैं। वह मैकेनिकल विभाग में कर्मचारी थे। मनीष ने पड़ोस में रहने वाली नाबालिग लड़की को इशारे से पास बुलाया। फिर बगल में गेस्ट हाउस के पीछे ले गया। वहां उसके साथ रेप की कोशिश की।
उधर जब लड़की घर पर नहीं दिखी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। घरवाले गेस्ट हाउस के पास पहुंच गए, जिसके बाद युवक वहां से भाग गया। परिवार वाले देर रात तक उसकी तलाश करते रहे, लेकिन आरोपी नहीं मिला।
सुबह मोहल्ले के लोगों को पता चला कि युवक घर में छिपा बैठा है। इसके बाद भीड़ उसके घर पहुंची, उसे खींचकर बाहर निकाला, पीटा और घसीटते हुए थाने ले गई। परिजनों ने बताया कि वे सब्जी बेचकर परिवार चलाते हैं। लड़की सुन और बोल नहीं सकती है, वह कमर के नीचे से दिव्यांग है। उनके घर और आरोपी के घर के बीच की दूरी करीब 200 मीटर है।
औद्योगिक क्षेत्र थाना के प्रभारी विपिन पाल ने बताया कि बच्ची की उम्र 14 साल है। परिवार वालों ने रेप की कोशिश की तहरीर दी है। लड़की का मेडिकल कराया जा रहा है। आरोपी से पूछताछ हो रही है। रात में ही पुलिस को सूचना क्यों नहीं दी इसे लेकर भी परिवार वालों से बात हुई है। आगे की कार्रवाई चल रही है। थानाध्यक्ष ने कहा कि पीडि़ता का बयान दर्ज कराने के लिए मुख बधिर स्पेशलिस्ट को बुलावाया गया है, ताकि वह अपनी पूरी बात समझा सके। पीडि़ता दिव्यांग और मुख बधिर है। वह बोल नहीं सकती, इसलिए उसका बयान कराना जरूरी है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

