दतिया 8 जनवरी (आरएनएस)। कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े के निर्देशन पर जिला शिक्षा अधिकारी सुनील शुक्ला की सतत मॉनिटरिंग के फलस्वरूप जिले में ई-अटेंडेंस प्लेटफार्म हमारे शिक्षक ऐप के माध्यम से जिला दतिया में स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा ई-अटेंडेंस प्रणाली को प्रभावी रूप से लागू किया जा रहा है। दिनांक 07.01.2026 को शिक्षक ऐप पर दर्ज उपस्थिति के आधार पर जिले में कार्यरत लोक सेवकों एवं अतिथि शिक्षकों की उपस्थिति की स्थिति इस प्रकार रही जिसमें लोक सेवकों की ई-अटेंडेंस स्थिति जिले के दतिया, सेवढ़ा एवं भांडेर विकासखण्डों में कुल 4082 लोक सेवक कार्यरत हैं। इनमें से 3343 लोक सेवकों ने लॉग-इन कर उपस्थिति दर्ज की, जबकि 3135 लोक सेवकों ने लॉग-आउट भी किया।
इसके अतिरिक्त 4 लोक सेवक अर्धदिवस, 338 अवकाश पर, तथा 71 प्रशिक्षण में (64 ने लॉग-आउट किया) पाए गए। कुल 330 लोक सेवकों की उपस्थिति शिक्षक ऐप पर दर्ज नहीं हो सकी। इस प्रकार लोक सेवकों की कुल ई-अटेंडेंस प्रतिशतता लगभग 91.91 प्रतिशत रही, जो प्रणाली के सफल क्रियान्वयन को दर्शाती है।
अतिथि शिक्षकों की ई-अटेंडेंस स्थिति जिले के तीनों विकासखण्डों में कुल 774 अतिथि शिक्षक कार्यरत हैं। इनमें से 728 अतिथि शिक्षकों ने लॉग-इन कर उपस्थिति दर्ज की, जबकि 696 अतिथि शिक्षकों ने लॉग-आउट भी किया। केवल 1 अतिथि शिक्षक अर्धदिवस पर रहा तथा 46 अतिथि शिक्षकों की उपस्थिति दर्ज नहीं हो सकी। इस प्रकार अतिथि शिक्षकों की ई-अटेंडेंस प्रतिशतता लगभग 94.05 प्रतिशत दर्ज की गई।
शिक्षक ऐप के माध्यम से ई-अटेंडेंस प्रणाली से उपस्थिति की निगरानी पारदर्शी, सरल एवं प्रभावी हो रही है। विभाग द्वारा इसे सख्ती से लागू किया जा रहा है शेष कर्मियों को भी नियमित रूप से ऐप पर उपस्थिति दर्ज करने हेतु चेतावनी पत्र के माध्यम से निर्देशित किया गया है, ताकि शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जा सके।

