दतिया 8 जनवरी (आरएनएस)। कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में विभिन्न विभागों को पूर्व में सौंपे गए कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में कलेक्टर वानखड़े ने सड़क निर्माण कार्यों के चलते यात्री बसों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित करने के निर्देश आरटीओ एवं यातायात पुलिस प्रभारी को दिए। उन्होंने यातायात नियंत्रण प्रभारी को ऐसे कंडम वाहन, जो अनावश्यक रूप से सार्वजनिक स्थान घेरकर खड़े हैं, उन्हें हटाने के लिए नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने यातायत प्रभारी को बस स्टैंड के समीप स्टॉपर लगाने तथा बस स्टैंड परिसर में बसों के अतिरिक्त किसी अन्य वाहन के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके लिए एक व्यक्ति की ड्यूटी लगाई जाये इसके निर्देश दिए। इसके साथ ही एसडीएम, आरटीओ एवं यातायात प्रभारी को बस स्टैंड संचालकों के साथ बैठक कर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। निर्देशों का पालन न होने पर चालानी कार्रवाई प्रारंभ करने के आदेश दिए गए।
बैठक में लोक निर्माण विभाग द्वारा विभिन्न स्थानों पर लगाए गए साइन बोर्ड, रंबल स्ट्रिप सहित सड़क सुरक्षा संबंधी कार्यों की जानकारी दी गई। आरटीओ द्वारा राहवीर योजना के प्रचार-प्रसार हेतु विभिन्न स्थलों पर बैनर लगाए जाने की जानकारी दी गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि इस योजना का अधिकतम प्रचार-प्रसार किया जाए, टोल प्लाजा पर भी बैनर लगाए जाएं, ताकि आम नागरिक अधिक से अधिक लाभान्वित हो सकें।
कलेक्टर ने आरटीओ को ड्राइविंग लाइसेंस शिविर आयोजित करने एवं स्कूल वाहनों की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही बम-बम चौराहे पर हो रही जलभराव की समस्या के निराकरण हेतु लोक निर्माण विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बुंदेला कॉलोनी में कचरे के ढेर की समस्या पर कलेक्टर ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल समाधान एवं डस्टबिन रखने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने पितांबरा मंदिर एवं आसपास के क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। शनिवार को श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ को देखते हुए उन्होंने कहा कि दर्शन व्यवस्था सुचारु रहे तथा किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए मंदिर के आसपास के क्षेत्र में बड़े वाहनों की पार्किंग ना हो जिससे लोगों को असुविधा ना हो ये सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में एमपीआरडीसी के अधिकारी अनुपस्थित पाए जाने पर कलेक्टर ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं एनएचएआई के अधिकारियों की अनुपस्थिति पर भी कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी जाहिर की।
कलेक्टर वानखेड़े ने कहा कि सड़क सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और जनसुविधा से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, और सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य सुनिश्चित करें। नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं एनएचएआई के अधिकारियों की अनुपस्थिति पर भी कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी जाहिर की।
कलेक्टर ने कहा कि सड़क सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और जनसुविधा से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, और सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य सुनिश्चित करें।
बैठक में अपर कलेक्टर महेन्द्र सिंह कवचे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील शिवहरे, एसडीएम दतिया संतोष तिवारी, एसडीएम भाण्ड़ेर सोनाली राजपूत, आरटीओ स्वाती पाठक, सहित पीडब्लूडी, एमपीआरडीसी, एमपीजीएसवाई, यातायात प्रभारी व आरआई सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

