नईदिल्ली,09 जनवरी। भारतीय शेयर बाजार में आज (9 जनवरी) सुबह-सुबह वोडाफोन-आइडिया (वीआई) के शेयरों में तेजी देखने को मिल रही है। कारोबारी दिन शुरू होने के कुछ ही देर बाद कंपनी के शेयर करीब 9 प्रतिशत तक चढ़ गए। आज सुबह 9:45 बजे शेयर 12.52 रुपये के इंट्राडे हाई तक पहुंचे। इसके बाद यह 3 प्रतिशत की बढ़त के साथ 11.87 रुपये पर कारोबार करता दिखा। बीते एक साल में यह शेयर अब तक करीब 36 प्रतिशत चढ़ चुका है।
वीआई के शेयरों में इस तेजी की बड़ी वजह एजीआर मामले में दूरसंचार विभाग (डीओटी) से मिली राहत है। डीओटी ने वीआई को मार्च, 2026 से मार्च, 2031 तक हर साल 124 करोड़ रुपये का भुगतान करने का निर्देश दिया है। कंपनी ने एजीआर बकाये के लिए नया रीपेमेंट शेड्यूल तैयार किया है। इससे कुल देनदारी बदले बिना कंपनी पर तत्काल नकदी का दबाव काफी हद तक कम हो गया है।
इससे पहले 31 दिसंबर को केंद्र सरकार ने वीआई के बकाये पर आंशिक रोक लगाने को मंजूरी दी थी। इसमें करीब 87,695 करोड़ रुपये के भुगतान को टालने और पुनर्भुगतान को 2030 के दशक तक आगे बढ़ाने की अनुमति शामिल थी। उस समय कंपनी ने कहा था कि उसे इस फैसले की आधिकारिक जानकारी नहीं मिली। अब नए निर्देशों से कंपनी की वित्तीय स्थिति को लेकर बाजार में भरोसा बढ़ता दिख रहा है।
डीओटी के अनुसार, मार्च, 2032 से 2035 तक वीआई को हर साल कम से कम 100 करोड़ रुपये जरुर चुकाने होंगे। इसके बाद बचा हुआ एजीआर बकाया मार्च, 2036 से मार्च, 2041 तक छह साल में बराबर किश्तों में दिया जाएगा। इसके लिए एजीआर राशि का दोबारा आकलन करने को एक समिति बनाई जाएगी। वीआई समेत टेलीकॉम कंपनियां लंबे समय से एजीआर गणना के तरीके का विरोध करती रही हैं।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

