नईदिल्ली,09 जनवरी। ऐपल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) टिम कुक इस साल अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं। रिपोर्ट के अनुसार, टिम कुक ने कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों को संकेत दिया है कि वह अपना काम का बोझ कम करना चाहते हैं। बताया गया है कि वह पूरी तरह ऐपल से अलग नहीं होंगे, बल्कि किसी नए रोल में कंपनी से जुड़े रह सकते हैं। यह चर्चा कंपनी की आने वाली शेयरहोल्डर्स मीटिंग से पहले सामने आई है।
कुक साल 2011 से ऐपल की कमान संभाल रहे हैं। उनके नेतृत्व में कंपनी की वैल्यू में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक, कुक के सीईओ बनने के समय ऐपल की वैल्यू करीब 350 अरब डॉलर (लगभग 32,000 अरब रुपये) थी, जो अब बढ़कर 4 लाख करोड़ डॉलर (लगभग 360 लाख करोड़ रुपये) से ज्यादा हो गई है। 65 साल के कुक ने इस दौरान ऐपल को लगातार मुनाफे और स्थिरता की राह पर बनाए रखा।
ऐपल में अब अगला सीईओ कौन होगा, इस पर अंदरूनी स्तर पर चर्चा शुरू हो चुकी है। रिपोर्ट्स के अनुसार, हार्डवेयर इंजीनियरिंग के प्रमुख जॉन टर्नस इस रेस में सबसे आगे माने जा रहे हैं। टर्नस साल 2001 से ऐपल से जुड़े हैं और अब तक कई बड़े प्रोडक्ट्स में उनकी अहम भूमिका रही है। उनकी कार्यशैली को संतुलित और टीम के साथ मिलकर काम करने वाला बताया जाता है।
टर्नस को एक मजबूत दावेदार माना जा रहा है, लेकिन ऐपल के भीतर इस बात पर बहस चल रही है कि भविष्य को देखते हुए कंपनी को किस तरह के लीडर की जरूरत है। कुछ लोग कुक जैसे शांत और व्यवस्थित मैनेजर को बेहतर मानते हैं, तो कुछ स्टीव जॉब्स जैसे जोखिम लेने वाले लीडर की बात करते हैं। इस सक्सेशन प्लानिंग में ऐपल के कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

