चंडीगढ़ ,09 जनवरी (आरएनएस)। पंजाब कैडर की महिला आईपीएस अधिकारी डॉ. रवजोत कौर ग्रेवाल को बड़ी राहत मिली है। तरनतारन विधानसभा उपचुनाव के दौरान आदर्श चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन के आरोपों में घिरीं डॉ. ग्रेवाल का निलंबन रद्द कर दिया गया है। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने और मामले की विस्तृत समीक्षा के बाद, भारत निर्वाचन आयोग ने उनकी सेवाओं को तत्काल प्रभाव से बहाल करने के आदेश जारी किए हैं। आयोग से हरी झंडी मिलने के बाद पंजाब सरकार ने भी उन्हें पुन: विभाग में शामिल करने और नई प्रशासनिक जिम्मेदारी सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि उपचुनाव के दौरान डॉ. रवजोत कौर तरनतारन जिले में महत्वपूर्ण पद पर तैनात थीं और जिले की सुरक्षा व्यवस्था संभाल रही थीं। उस समय चुनाव आयोग को उनकी भूमिका को लेकर कुछ राजनीतिक और अन्य शिकायतें मिली थीं। इन शिकायतों में आरोप लगाया गया था कि वे चुनाव आचार संहिता का पालन नहीं कर रही हैं और उनकी कार्यशैली चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता को प्रभावित कर सकती है। इन आरोपों को गंभीरता से लेते हुए आयोग ने निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने के लिए उन्हें उस समय निलंबित कर दिया था।
चुनाव संपन्न होने के बाद जब मामले की आंतरिक जांच और समीक्षा की गई, तो पाया गया कि परिस्थितियां उतनी गंभीर नहीं थीं, जितनी शिकायतों में चित्रित की गई थीं। जांच के बाद आयोग ने संतुष्टि जताते हुए उनकी निलंबन अवधि को समाप्त करने का फैसला लिया। इसके बाद आयोग ने पंजाब सरकार को डॉ. ग्रेवाल की बहाली के निर्देश दिए। अब जल्द ही उन्हें राज्य में नई पोस्टिंग मिलने की उम्मीद है।
00
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

